Monday, December 15

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के बाद फरार लूथरा ब्रदर्स पर शिकंजागोवा लौटने की जगह थाईलैंड भागे आरोपी, बैंकॉक में डिपोर्टेशन प्रक्रिया तेज

पणजी/नई दिल्ली। गोवा के आरपोरा इलाके में स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद देश छोड़कर फरार हुए लूथरा ब्रदर्स पर अब कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। घटना के बाद मौके पर पहुंचने या जांच में सहयोग करने की बजाय दोनों भाई सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा सीधे थाईलैंड भाग निकले थे। अब भारत सरकार की सख्ती के बाद थाईलैंड में उनके प्रत्यर्पण (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

This slideshow requires JavaScript.

पासपोर्ट रद्द, थाई हिरासत में आरोपी

सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार द्वारा दोनों आरोपियों के भारतीय पासपोर्ट रद्द किए जाने के बाद थाई अधिकारियों ने उन्हें अवैध रूप से वहां रहने के आरोप में हिरासत में ले लिया। बैंकॉक और फुकेट में भारतीय दूतावास, थाई पुलिस के सहयोग से उन्हें भारत लाने की औपचारिकताएं पूरी कर रहा है।

सीबीआई की टीम थाईलैंड पहुंची

लूथरा ब्रदर्स की वापसी सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई की एक टीम थाईलैंड पहुंच चुकी है। भारतीय दूतावास द्वारा दोनों को आपातकालीन यात्रा प्रमाण पत्र (एकतरफा ट्रैवल डॉक्यूमेंट) जारी किए जा रहे हैं, ताकि डिपोर्टेशन में कोई बाधा न आए। सूत्रों का कहना है कि सोमवार देर रात तक दोनों आरोपी भारत लाए जा सकते हैं।

25 लोगों की मौत, देशभर में आक्रोश

गौरतलब है कि 6 दिसंबर की रात आरपोरा स्थित इस नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के कुछ ही घंटों बाद, जब पुलिस और दमकल कर्मी राहत-बचाव में जुटे थे, उसी दौरान क्लब के मालिक देश छोड़कर फरार हो गए। इस रवैये ने जनता और प्रशासन दोनों को झकझोर दिया।

गोवा सरकार और पुलिस अलर्ट

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पुष्टि की है कि जांच एजेंसियां थाईलैंड में सक्रिय हैं और आरोपियों को जल्द भारत लाया जाएगा। वहीं गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने भी उम्मीद जताई है कि लूथरा ब्रदर्स शीघ्र ही देश में होंगे। गोवा पुलिस की जांच में नाइट क्लब में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है।

भारत पहुंचते ही होगी कड़ी पूछताछ

सूत्रों के अनुसार, भारत लाए जाने के बाद लूथरा ब्रदर्स से अंजुना पुलिस थाने में गहन पूछताछ की जाएगी। अग्निकांड में लापरवाही, सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और मौतों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में जांच आगे बढ़ेगी।

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड अब सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि कानून से भागने की कोशिश का बड़ा उदाहरण बन चुका है—जहां से बच निकलने वाले अब कानून के शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply