

श्याम सेल एंड पावर कम्पनी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, पीथमपुर में दूसरी यूनिट के लिए मांगी अतिरिक्त भूमि
जबलपुर, 21 जुलाई (सद्वार्ता)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और प्रदेश में निवेश को लेकर उद्योगपतियों एवं निवेशकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश में निवेश करने के इच्छुक प्रत्येक निवेशक का स्वागत है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में श्याम सेल एंड पावर कम्पनी लिमिटेड के पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान कम्पनी के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर संजय अग्रवाल एवं चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर दीपक कुमार गौर ने मुख्यमंत्री को कम्पनी की आगामी परियोजनाओं एवं निवेश योजनाओं की जानकारी दी।
कम्पनी पदाधिकारियों ने बताया कि श्याम सेल एंड पावर कम्पनी स्टेनलेस स्टील का उत्पादन करती है। धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में कम्पनी की एक निर्माण इकाई पहले से संचालित है। इस इकाई में कम्पनी ने लगभग 550 करोड़ रुपये का निवेश कर करीब 1300 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है।
कम्पनी पीथमपुर में ही अपनी दूसरी उत्पादन इकाई स्थापित करना चाहती है। प्रस्तावित दूसरी इकाई में करीब 1000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे 1000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके लिए कम्पनी को पीथमपुर में अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। कम्पनी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से अतिरिक्त भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कम्पनी को प्रदेश की नवीन औद्योगिक नीतियों की जानकारी दी गई है। कम्पनी ने अपनी दूसरी निर्माण इकाई के लिए भी पीथमपुर को ही चुना है। उन्होंने बताया कि कम्पनी को दूसरी इकाई के लिए पहले ही 25 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है, लेकिन विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है।
बैठक में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (MPIDC) के प्रबंध निदेशक चन्द्रमौली शुक्ला सहित अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



