
गुवाहाटी, 14 फरवरी 2026: असम विधानसभा चुनावों से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पूर्वोत्तर राज्य असम में कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। पीएम मोदी ने अपने दौरे की शुरुआत डिब्रूगढ़ में इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का उद्घाटन करके की और इसके बाद गुवाहाटी में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास तथा लोकार्पण किया।
गुवाहाटी में आयोजित बीजेपी कार्यकर्ताओं की रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज की कांग्रेस हर उस विचार और हर उस आतंकी को कंधे पर बैठाती है, जो देश का बुरा सोचता है। जो लोग देश के टुकड़े-टुकड़े करने का सपना देखते हैं, नॉर्थईस्ट को भारत से अलग करने के नारे लगाते हैं, वे कांग्रेस के लिए पूजनीय बन चुके हैं।”
पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आम जनता को कांग्रेस से सतर्क रहने की चेतावनी दें। उन्होंने कहा कि सत्ता से 10 साल दूर रहने की वजह से कांग्रेस और अधिक जहरीली हो गई है।
उन्होंने कांग्रेस को ‘मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस (MMC)’ करार देते हुए कहा, “जिस तरह मुस्लिम लीग ने आज़ादी के समय देश का बंटवारा कराया था, आज की कांग्रेस वही खेल दोहरा रही है। इसलिए असम की जनता को सतर्क रहना होगा।”
प्रधानमंत्री मोदी ने असम के विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस असम की पहचान मिटाना चाहती है और राज्य में अशांति फैलाना चाहती है। उन्होंने उल्लेख किया कि आज बोडो, कार्बी, आदिवासी, DNLA और उल्फा जैसे संगठन बंदूक छोड़कर संविधान के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।
पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर में डिजिटल और शैक्षणिक विकास का हवाला देते हुए बताया कि इस साल के बजट में नॉर्थईस्ट की कनेक्टिविटी को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में असम को केवल 10 हजार करोड़ रुपये टैक्स के हिस्से के रूप में मिलते थे, लेकिन अब डबल इंजन की भाजपा सरकार राज्य के लिए विकास की राह खोल रही है।
ऑपरेशन सिंदूर और पुलवामा हमला:
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने से इनकार करती है, वह देशहित में कभी साहसिक निर्णय नहीं ले सकती। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने इस ऑपरेशन में अपनी शक्ति दिखाई। साथ ही, पुलवामा हमले की बरसी पर उन्होंने शहीद जवानों को नमन किया और कहा कि इस हमले के बाद आतंकियों को दी गई सजा पूरी दुनिया ने देखी।
पीएम मोदी के इस दौरे को विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। गुवाहाटी की रैली में उन्होंने बीजेपी के 30,000 से अधिक कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र दिया और असम में डबल इंजन की सरकार की जरूरत पर जोर दिया।
