
ढाका: बांग्लादेश चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करने के बाद तारिक रहमान को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार शाम फोन पर बधाई दी। इसके पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारिक रहमान से फोन पर बात कर उन्हें जीत की शुभकामनाएं दी थीं।
शहबाज शरीफ की दोस्ताना कॉल
शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट में बताया कि उन्होंने BNP के चेयरमैन तारिक रहमान को “मेरे भाई” कहकर संबोधित किया और फोन कॉल को गर्मजोशी भरी और दोस्ताना बताया। यह बांग्लादेश चुनाव के नतीजों के बाद रहमान और शरीफ के बीच पहली बातचीत थी।
शहबाज शरीफ ने लिखा कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ अपने भाईचारे वाले रिश्तों को मजबूत करने, बेगम खालिदा जिया की विरासत को आगे बढ़ाने और शांति, तरक्की और खुशहाली के साझा लक्ष्यों को पूरा करने की उम्मीद करता है। इसके पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भी तारिक रहमान को जीत पर बधाई दी थी।
BNP की बड़ी जीत और प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ
12 फरवरी को हुए संसदीय चुनाव में BNP ने 299 सीटों में से 211 सीटों पर जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही तारिक रहमान का बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बनने का रास्ता लगभग तय हो गया है।
तारिक रहमान ने चुनाव जीत के बाद समावेशी सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि नई सरकार सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, चाहे लोग किसी भी धर्म या संप्रदाय के हों। उनकी यह पेशकश बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिरता और भाईचारे के संदेश के रूप में देखी जा रही है।
