Saturday, February 14

UPI यूजर्स QR कोड स्कैन कर खोल सकेंगे NPS खाता, 80 करोड़ से अधिक लोगों को होगा फायदा

नई दिल्ली। देश के करोड़ों लोगों के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से जुड़ना अब पहले से कहीं अधिक आसान होने जा रहा है। पेंशन रेगुलेटर PFRDA (पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी) ने संकेत दिया है कि जल्द ही UPI यूजर्स केवल तीन स्टेप्स में QR कोड स्कैन करके अपना NPS खाता खोल सकेंगे। इससे देश के करीब 80 करोड़ से अधिक UPI यूजर्स को सीधा लाभ मिल सकता है।

This slideshow requires JavaScript.

PFRDA के चेयरमैन शिवसुब्रमण्यम रमण ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि NPCI के UPI प्लेटफॉर्म पर करोड़ों यूजर्स का पहले से KYC रिकॉर्ड बैंकों के पास मौजूद है, जिससे NPS अकाउंट खोलने की प्रक्रिया काफी तेज और सरल हो जाएगी।

थर्ड पार्टी ऐप से डिजिटल तरीके से जुड़ेंगे निवेशक

PFRDA चेयरमैन ने कहा कि UPI से जुड़े थर्ड पार्टी ऐप्स के जरिए लोगों को डिजिटल माध्यम से NPS से आसानी से जोड़ा जा सकेगा। QR कोड स्कैन कर निवेशक कुछ ही मिनटों में पेंशन योजना में पंजीकरण कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि यह कदम विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगा, जो अब तक NPS से जुड़ना चाहते थे लेकिन जटिल प्रक्रिया के कारण पीछे रह जाते थे।

NPS में ‘हेल्थ बॉक्स’ सुविधा भी जल्द

रमण ने बताया कि NPS खाताधारकों को जल्द ही एक नई सुविधा ‘हेल्थ बॉक्स’ के रूप में दी जाएगी। इसके जरिए खाताधारक अस्पताल खर्चों के लिए हेल्थ इंश्योरेंस के अतिरिक्त एक टॉप-अप के रूप में धन का उपयोग कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा खास तौर पर बुजुर्गों के लिए बेहद मददगार होगी, क्योंकि अधिक उम्र के कारण कई लोगों को नया हेल्थ इंश्योरेंस मिलने में कठिनाई आती है।

पेंशन को लेकर मिलेंगी दो नई चॉइस

PFRDA चेयरमैन ने यह भी बताया कि NPS में निवेशकों को जल्द ही दो विकल्प दिए जाएंगे। जिन लोगों को एन्युटी (Annuity) नहीं चाहिए, उनके लिए पेंशन पे-आउट ऑप्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें न्यूनतम सुनिश्चित रिटर्न देने की योजना बनाई जा रही है।

बैंक भी दिखा रहे हैं रुचि

PFRDA ने कहा कि पेंशन फंड मैनेजमेंट के क्षेत्र में बैंकों की भागीदारी बढ़ने की संभावना है। दो बैंकों ने इसमें रुचि दिखाई है जबकि अन्य बैंक भी इस दिशा में तैयारी कर रहे हैं। रेगुलेटर का मानना है कि बैंकों की भागीदारी से NPS का दायरा और तेजी से बढ़ेगा।

नए निवेश विकल्पों पर भी विचार

PFRDA चेयरमैन ने बताया कि रेगुलेटर अन्य असेट क्लास जैसे रियल एस्टेट, प्रोजेक्ट फाइनेंस और वैकल्पिक निवेश विकल्पों पर भी विचार कर रहा है, ताकि NPS निवेशकों को अधिक बेहतर रिटर्न और विविधता मिल सके।

Leave a Reply