Thursday, February 26

शादी के 3 महीने बाद पति की बेरहमी से हत्या, पत्नी और उसके प्रेमी समेत 4 गिरफ्तार

शादी के बाद केवल तीन महीने में ही नवविवाहिता अंजू ने अपने पति आशीष कुमार की हत्या की सनसनीखेज साजिश रच डाली। राजस्थान पुलिस ने इस हत्या के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की पत्नी अंजू और उसका प्रेमी संजय उर्फ संजू शामिल हैं।

This slideshow requires JavaScript.

साजिश को छुपाने के लिए बनाया हिट-एंड-रन का झूठा बहाना
31 जनवरी की रात, आशीष को सड़क पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, ऐसी सूचना पहले दर्ज कराई गई। हालांकि, पुलिस जांच में घटनास्थल पर किसी वाहन के निशान नहीं मिले और अंजू के बयान बार-बार बदलते रहे। शुरुआत में हत्या को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी।

पोस्टमार्टम ने उजागर किया अपराध
आशीष के पोस्टमार्टम में शरीर पर कई चोटों के निशान मिले और गला दबाकर हत्या किए जाने के संकेत मिले। इसके बाद पुलिस ने मामला हत्या मानकर गहन जांच शुरू की।

पति से नाखुश थी पत्नी, प्रेमी के साथ रची हत्या की योजना
जांच में सामने आया कि अंजू शादी के कुछ ही दिनों बाद अपने मायके सादुलशहर चली गई थी और वहां अपने पुराने परिचित संजय से दोबारा संपर्क किया। आशीष के रोजाना टहलने जाने का समय जानकर उसने संजय और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

सुनसान रास्ते पर अंजाम दी वारदात
31 जनवरी की रात अंजू ने आशीष को बातचीत में उलझाते हुए सुनसान जगह पर ले जाया। संजय, रोहित और बादल ने झाड़ियों में छिपकर उस पर डंडों से हमला किया। आशीष बेहोश होने के बाद उसके गले को दबाकर हत्या कर दी गई। अंजू ने हत्या के बाद मोबाइल और अपने कानों के झुमके आरोपियों को सौंप दिए, ताकि मामला लूट या सड़क हादसे जैसा लगे।

चारों आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने कहा, “आशीष की हत्या को सड़क हादसा दिखाने की साजिश थी, जिसे सबूतों के आधार पर उजागर किया गया।”

Leave a Reply