
उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस यूपी दिवस का भव्य आयोजन शनिवार को राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है। वसंतकुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में शहर के 11 प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, जो सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, आपातकालीन सेवाओं—एम्बुलेंस, शव वाहन, दमकल वाहन और स्कूली वाहनों—को प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम (9454405155) पर संपर्क कर सकते हैं।
इन मार्गों से होकर गुजरेंगे वाहन
मलिहाबाद चौराहा व मुजासा तिराहा से वाहन किसान पथ/छंदोईया के बजाय जीरो पॉइंट–मोहान रोड से जाएंगे।
छंदोईया बाईपास तिराहा से वाहन अंधे की चौकी तिराहा, बाजनगर किसान पथ अंडरपास होकर किसान पथ या दुबग्गा तिराहा जाएंगे।
तिकोनिया तिराहा से कमर्शियल वाहन नहर तिराहा–मोहान रोड–खुशहालगंज–किसान पथ अंडरपास होकर निकलेंगे।
भिठौली तिराहा से वाहन सैरपुर तिराहा–अस्ति क्रॉसिंग–बख्शी तालाब–इंदौराबाग–किसान पथ अंडरपास के रास्ते जाएंगे।
नया पक्कापुल व कुड़िया घाट तिराहा से वाहन रूमी गेट–कोनेश्वर–बालागंज–दुबग्गा तिराहा होकर गुजरेंगे।
दुबग्गा तिराहा से वाहन तिकोनिया तिराहा की ओर मोड़े जाएंगे।
मोहान रोड नहर तिराहा से वाहन जीरो पॉइंट–किसान पथ के रास्ते जाएंगे।
अमौसी एयरपोर्ट वीआईपी मोड़ से वाहन एयरपोर्ट के भीतर न जाकर अमौसी कमर्शियल मोड़ से बाएं होकर निकलेंगे।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में तीन दिन फ्री एंट्री
यूपी दिवस के अवसर पर शनिवार, रविवार और सोमवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आम जनता के लिए निःशुल्क प्रवेश रहेगा। हालांकि, परिसर में स्थित म्यूजियम ब्लॉक के लिए टिकट लेना अनिवार्य होगा। एलडीए अधिकारियों के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के समापन और प्रस्थान के बाद आम लोगों के लिए फ्री एंट्री शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन को बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
पीएम मोदी ने दी यूपी दिवस की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत को समृद्ध करने में उत्तर प्रदेश का योगदान अमूल्य है। डबल इंजन सरकार और जनता की सहभागिता से उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है और देश की विकास यात्रा में इसकी भूमिका और मजबूत होगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और कार्यक्रम के दौरान सहयोग बनाए रखें।