
लखनऊ (राहुल पराशर): उत्तर प्रदेश के चर्चित राजनेता और समाजवादी पार्टी के संरक्षक रहे पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के परिवार में एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। प्रतीक यादव के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार उनकी पत्नी अपर्णा यादव के साथ तलाक की बात सामने आई है।
अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव-साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की दूसरी पत्नी हैं। उनका जन्म 5 फरवरी 1990 को पत्रकार अरविंद सिंह बिष्ट और लखनऊ नगर निगम अधिकारी अंबी बिष्ट की पुत्री के रूप में हुआ। समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान उनके पिता को सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया था।
अपर्णा ने अपनी स्कूली शिक्षा लोरेटो कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कालेज से पूरी की और वहीं प्रतीक यादव से दोस्ती हुई। 12 साल की उम्र में प्रतीक ने उन्हें ईमेल के माध्यम से प्रपोज किया था। इसके बाद अपर्णा ने ब्रिटेन के मैनचेस्टर विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल रिलेशन और पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की। उन्होंने भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय से नौ साल तक शास्त्रीय संगीत में औपचारिक शिक्षा भी प्राप्त की और ठुमरी शैली में पारंगत हैं।
अपर्णा और प्रतीक यादव की सगाई 2011 में हुई और इसी साल दिसंबर में मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में दोनों की शादी संपन्न हुई। इस शादी में बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुई थीं। दंपत्ति की एक बेटी है, जिनका नाम प्रथमा है।
राजनीति में अपर्णा यादव ने समाजवादी परिवार से जुड़ने के बाद भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तारीफों से सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने 2014 में स्वच्छ भारत अभियान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की, वहीं 2017 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा भी की। 2022 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।
प्रत्यक्ष रूप से प्रतीक यादव के तलाक वाले बयान ने राजनीतिक और सामाजिक चर्चा को फिर से तेज कर दिया है। इस संबंध में अभी दोनों परिवारों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।