
नई दिल्ली: बुधवार की सुबह दिल्ली-NCR में अचानक घना कोहरा छा गया, जिससे कुछ ही मिनटों में विजिबिलिटी लगभग जीरो हो गई। मौसम विशेषज्ञों ने इसे ‘फ्लैश फॉग’ या ‘Rapid-Onset Fog’ बताया, जो बहुत तेजी से बनता और गायब हो जाता है। यह घटना सुबह 7:45 से 8:00 बजे के बीच हुई।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कोहरा ठंडी हवाओं, हवा में नमी और तापमान में अचानक बदलाव के कारण आया। शहर के प्रदूषण कण भी पानी की बूंदों के बनने में सहायक बने, जिससे कोहरा तेजी से फैल गया। हवा का स्थिर रहना भी इसे जमा होने में मददगार रहा। जैसे ही सूरज की गर्मी बढ़ी, कोहरा अपने आप गायब हो गया।
इस बीच, सुबह शहर का तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ठंड की स्थिति बनी रही। दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी बेहद खराब रही, AQI 357 दर्ज किया गया, जबकि जहांगीरपुरी में AQI 420 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। अन्य क्षेत्रों में भी AQI 350 से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने चेताया है कि जैसे-जैसे सर्दियों का मौसम गहरा रहा है, ऐसे अचानक और तेज कोहरे की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। फ्लैश फॉग ड्राइवरों और पायलटों के लिए विशेष खतरनाक है क्योंकि इसके लिए किसी भी तरह की चेतावनी का समय नहीं मिलता।