
रांची (रवि सिन्हा): उत्तर भारत में बर्फबारी और हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से झारखंड का मौसम पूरी तरह प्रभावित हुआ है। राजधानी रांची के साथ-साथ पलामू, खूंटी और मैक्लुस्कीगंज समेत कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है।
मैक्लुस्कीगंज में बुधवार को न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लपरा निवासी नेल्सन पॉल बॉबी गॉर्डन ने अपने तापमान मापक यंत्र से न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री दर्ज किया। रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड के कारण जमी पर ओस की बूंदें भी जम गईं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार के साथ रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला और बोकारो में शीतलहर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान घना कोहरा भी जारी रहेगा। उदाहरण के लिए, डालटनगंज में विजिबिलिटी केवल 300 मीटर और देवघर में 600 मीटर रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान विभाग के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में 8 और 9 जनवरी को न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद 10, 11 और 12 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।