Monday, December 1

राजस्थान की महिला नेताओं पर प्रियंका गांधी की नजरें, संजना-जाहाना फैक्टर बना चर्चा का केंद्र

जयपुर: राजस्थान की दो प्रमुख महिला नेताओं संजना जाटव और रेहाना रियाज चिश्ती को कांग्रेस हाई कमान ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। सांसद संजना जाटव को मध्य प्रदेश प्रभारी और रेहाना रियाज को महाराष्ट्र प्रभारी बनाया गया है। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के पीछे कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का राजस्थान पर विशेष फोकस और महिला नेताओं को आगे बढ़ाने का एजेंडा है।

संजना जाटव : कम उम्र में बड़ी जिम्मेदारी

संजना जाटव केवल 25 साल की उम्र में धौलपुर-भरतपुर लोकसभा सीट से सांसद बनी थीं। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट का रिकॉर्ड तोड़ा। सियासी जानकारों का मानना है कि सचिन पायलट और प्रियंका गांधी की ओर से मिले समर्थन ने संजना को इस मुकाम तक पहुंचाया। बताया जाता है कि सचिन पायलट ने प्रियंका गांधी से संजना जाटव की मुलाकात करवाई थी, तभी से वह प्रियंका की नजरों में रहीं। यही कारण माना जा रहा है कि हाल ही में उन्हें मध्य प्रदेश प्रभारी का पद मिला।

रेहाना रियाज : वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी का सहयोग

महाराष्ट्र प्रभारी बनने वाली रेहाना रियाज चिश्ती पहले राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। केरल मूल की रेहाना ने चूरू में शादी की और लंबे समय से प्रदेश संगठन में सक्रिय रही हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी के प्रयासों से ही उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी मिली। प्रियंका गांधी संगठन में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा सक्रिय रही हैं।

राजस्थान पर प्रियंका गांधी का फोकस

प्रियंका गांधी ने राजस्थान में हमेशा विशेष ध्यान दिया है। रणथंभौर विजिट और अन्य आयोजनों के माध्यम से उन्होंने महिला और युवा नेताओं के साथ समन्वय स्थापित किया है। उनका संदेश स्पष्ट है: “लड़की हूं, लड़ सकती हूं।” इस नीति के तहत महिला नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी देने और उन्हें सक्रिय भूमिका में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रियंका गांधी की सक्रियता और राजस्थान पर फोकस, प्रदेश की महिला नेताओं को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में प्रभावी नेतृत्व तैयार करने की दिशा में एक रणनीतिक कदम है।

Leave a Reply