Friday, December 5

चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा: बारातियों से भरी बोलेरो गहरी खाई में गिरी, 5 की मौत, कई घायल

चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोहाघाट-घाट नेशनल हाईवे पर बागधारा मोड़ के पास बारातियों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन की तत्परता से घायलों को खाई से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

रात ढाई बजे हुआ हादसा
सूत्रों के अनुसार दुर्घटना रात करीब ढाई बजे हुई। बारात पिथौरागढ़ के शेराघाट स्थित किलोटा गांव से बालातड़ी आई हुई थी और विवाह समारोह के बाद सभी वापस लौट रहे थे। लौटते समय बागधारा मोड़ पर बोलेरो (UK 04 TB 2074) अचानक गहरी खाई में जा गिरी।

स्थानीय लोगों की सूचना पर लोहाघाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस, SDRF और फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

नशे में था ड्राइवर
बारात में शामिल लोगों और चश्मदीदों के अनुसार बोलेरो का चालक नशे में था, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा। हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।

पीड़ितों की पहचान
हादसे में जिन 5 लोगों की मौत हुई है, उनमें शामिल हैं—

  • भावना चौबे
  • प्रियांशु (6 वर्षीय बेटा)
  • प्रकाश चंद्र
  • केवल चंद्र उनियाल
  • सुरेश चंद्र नौटियाल

गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का इलाज लोहाघाट उप जिला अस्पताल में डॉक्टर विराज राठी और डॉक्टर अजीम की टीम कर रही है। एक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंपावत जिला अस्पताल रेफर किया गया।

स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर किया रेस्क्यू
राहत-बचाव में स्थानीय होटल मालिक मदन सामंत और शिक्षक मनोज पंत ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सतर्कता और सुरक्षित ड्राइविंग की अहमियत को रेखांकित करता है।

Leave a Reply