
अहमदाबाद: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में 76 रनों की करारी हार के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हार के पीछे की वजह का खुलासा किया। प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उन्होंने कहा कि टीम ने पावरप्ले में ही मैच गंवा दिया और शुरुआती विकेटों का नुकसान बहुत भारी पड़ा।
पावरप्ले में गंवे विकेटों को हार का कारण माना
सूर्यकुमार यादव ने बताया,
“जब आप 180-185 रनों का पीछा कर रहे होते हैं, तो पावरप्ले में मैच जीत नहीं सकते, लेकिन हार जरूर सकते हैं। हमने शुरुआती 6 ओवरों में बहुत सारे विकेट गंवा दिए। इसके बाद हमें छोटी-छोटी साझेदारियां नहीं मिलीं, जो हमें चाहिए थी। यही मैच का हिस्सा है। हम इससे सीखेंगे और मजबूती से वापसी करेंगे।”
गेंदबाजों की जमकर तारीफ
हार के बावजूद कप्तान ने गेंदबाजों की भी सराहना की, खासकर जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जोड़ी को। उन्होंने कहा,
“हमने शुरुआत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की और साउथ अफ्रीका को 21 रन पर 3 विकेट पर रोक दिया था। 7 से 15 ओवर के बीच उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन अंत में हमने वापसी की। बुमराह और अर्शदीप की जोड़ी बेहद घातक है। दोनों ने मिलकर 5 विकेट लिए और कम रन दिए। उनकी अनुभवी जोड़ी का टीम में होना हमारे लिए बड़ी ताकत है।”
जिम्बाब्वे के खिलाफ रणनीति
सूर्यकुमार ने अगले मैच के लिए कहा कि टीम अपनी रणनीति में कोई बड़ा बदलाव नहीं करेगी। उन्होंने कहा,
“अगले मैच के लिए हमारा प्लान सरल है – अच्छी बल्लेबाजी, अच्छी गेंदबाजी और अच्छी फील्डिंग। हम वही ब्रांड की क्रिकेट खेलेंगे जिसके लिए जाने जाते हैं। हम चीजों को साधारण रखेंगे और मजबूती से वापसी करेंगे।”
सूर्यकुमार यादव के बयान ने यह साफ कर दिया कि टीम ने हार से सबक लिया है और सेमीफाइनल की राह पर वापसी के लिए पूरी ताकत झोंकने का मन बना लिया है।
