
बीजिंग/नई दिल्ली: चीनी टेक्नोलॉजी दिग्गज अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग ने रोबोटिक्स और एम्बोडाइड इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक बड़ी छलांग लगाई है। कंपनी के रिसर्च संस्थान डैमो एकेडमी ने हाल ही में ‘RynnBrain’ नामक नया ओपन-सोर्स एम्बोडाइड इंटेलिजेंस मॉडल पेश किया है। यह मॉडल Qwen3-VL पर आधारित है और इसे विशेष रूप से रोबोट्स को भौतिक दुनिया में समझने, तर्क करने और जटिल कार्यों को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है।
RynnBrain को बाकी मॉडल्स से अलग बनाती है इसकी स्पेशल रीजनिंग क्षमता, जो रोबोट्स को केवल प्रोग्राम किए गए रूटीन पर निर्भर रहने से बाहर निकालकर उन्हें “दिमाग से सोचने” लायक बनाती है। इसका मतलब है कि रोबोट अब अपने निर्णय स्वयं ले पाएंगे और वास्तविक दुनिया की जटिल परिस्थितियों में काम कर सकेंगे।
अलीबाबा का कहना है कि RynnBrain केवल ऑब्जर्वेशन तक सीमित नहीं है। यह फिजिकल वातावरण में स्थिति का सही आंकलन कर सकता है, कॉम्प्लेक्स टास्क को पूरा करने में सक्षम है और 3D कॉन्टेक्स्ट के अनुसार एक्शन ले सकता है। इस वजह से डाउनस्ट्रीम विजन-लैंग्वेज-एक्शन (VLA) मॉडल्स पहले से अधिक सक्षम और सोफिस्टिकेटेड हो गए हैं।
RynnBrain ने एम्बोडीड कॉग्निशन, लोकलाइजेशन और ग्राउंडेड विजुअल अंडरस्टैंडिंग जैसी बेंचमार्क टेस्ट में टॉप परफॉर्मेंस हासिल की है। अलीबाबा ने इससे पहले RynnEC और RynnVLA-001 जैसे दो और एम्बोडीड मॉडल भी पेश किए थे, जो वीडियो मल्टी-मोडल और VLA टास्क के लिए डिज़ाइन किए गए थे।
सैमोयड क्लाउड टेक्नोलॉजी के चीफ इकोनॉमिस्ट चार्ली झेंग का कहना है कि अलीबाबा की सफलता अब केवल मॉडल परफॉर्मेंस पर निर्भर नहीं करेगी, बल्कि कंपनी के इकोसिस्टम निर्माण और इंडस्ट्रियल इस्तेमाल पर भी आधारित होगी।
अलीबाबा की यह नई पहल रोबोटिक्स एआई के क्षेत्र में इनोवेशन और व्यावहारिक इस्तेमाल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
