Friday, February 6

कोटद्वार हेट स्पीच केस: दीपक बजरंगी गिरफ्तार, विधानसभा स्पीकर ऋतु खंडूरी ने जताई चिंता

कोटद्वार (राहुल पराशर): उत्तराखंड के कोटद्वार में गणतंत्र दिवस के दिन ‘बाबा’ नाम की कपड़े की दुकान को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद दीपक बजरंगी को हेट स्पीच देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में अब तक का पहला आधिकारिक बयान विधानसभा स्पीकर और स्थानीय विधायक ऋतु खंडूरी का सामने आया है।

This slideshow requires JavaScript.

गिरफ्तारी और वायरल वीडियो:
कोटद्वार इंस्पेक्टर प्रदीप नेगी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में गाड़ी घाट निवासी 46 वर्षीय दीपक बजरंगी को भड़काऊ बयानबाजी करते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गुरुवार को आरोपी को उसके आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी बल तैनात कर चुकी है। एसपी सर्वेश पंवार भी स्वयं कोटद्वार में कैंप कर रहे हैं और उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

विवाद की शुरुआत:
मुस्लिम कारोबारी द्वारा दुकान का नाम ‘बाबा’ रखने को लेकर 26 जनवरी को विवाद भड़का था। इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दुकान का नाम बदलने की मांग की। पास के जिम में काम करने वाले दीपक कुमार ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं को वहां से भगाया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दीपक को निशाना बनाया गया।

स्पीकर ऋतु खंडूरी का बयान:
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार का माहौल हमेशा सौहार्दपूर्ण रहा है। उन्होंने घटना को पॉलिटिकल बनाने की आलोचना की और लोगों से अपील की कि कोटद्वार में आए बिना मामले को बिगाड़ने से बचें। स्पीकर ने कहा, “हम इस तरह के मामलों को सुलझाने में सक्षम हैं। जो माहौल सोशल मीडिया पर बन रहा है, वह गलत इंप्रेशन दे रहा है। हमारा शहर प्रेम और सौहार्द्र के साथ रहने वाला शहर है।”

राजनीतिक प्रतिक्रिया:
इस मामले में दीपक के समर्थन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बयान जारी किए। वहीं, पूरे मामले ने कोटद्वार में तनाव बढ़ा दिया है।

कोटद्वार हेट स्पीच केस ने न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि राज्य स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और कानून के दायरे में सभी कार्रवाई कर रहा है।

Leave a Reply