
कोलंबो, 4 फरवरी 2026 – टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले ही भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले पर संकट की तलवार लटकी हुई है। पाकिस्तान सरकार ने ऐलान किया है कि उनकी टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच नहीं खेलेगी।
आईसीसी को अभी भी पाकिस्तान की ओर से अंतिम निर्णय का इंतजार है, लेकिन यदि टीम भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरी तो सीधे तौर पर पाकिस्तान के लिए मुश्किलें बढ़ जाएंगी। आईसीसी के नियमों के अनुसार, भारत को वॉकओवर के जरिए 2 अंक मिल जाएंगे और पाकिस्तान का नेट रन रेट भी प्रभावित होगा, जिससे सुपर 8 में उनका सफर मुश्किल हो जाएगा।
पाकिस्तान के सामने सुरक्षा और नियम की चुनौती
पाकिस्तान सरकार ने सुरक्षा कारणों और आईसीसी के दोहरे मापदंडों को हवाला देते हुए टीम को भारत के खिलाफ मुकाबले में हिस्सा न लेने का निर्देश दिया। इस बहिष्कार के फैसले से टूर्नामेंट का समीकरण भी जटिल हो गया है।
मौसम भी बना सकता है मुश्किल
सिर्फ राजनीतिक और सुरक्षा कारण ही नहीं, कोलंबो का मौसम भी पाकिस्तान की राह में रोड़ा साबित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान का नीदरलैंड्स के खिलाफ शुरुआती मैच भारी बारिश के कारण प्रभावित हो सकता है। यदि मैच धुलता है और अंक बंटते हैं, तो पहले ही भारत से वॉकओवर के कारण 2 अंक गंवा चुका पाकिस्तान सुपर 8 की दौड़ से बाहर होने की कगार पर पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी में कोलंबो का मौसम अनिश्चित रहता है, ऐसे में पाकिस्तान की सुपर 8 में पहुँच अब अन्य मैचों के नतीजों और किस्मत पर निर्भर हो जाएगी।