
जिले के कुसम वैली होटल में 80 लाख रुपए की लूट का मामला पुलिस ने तेजी से सुलझा लिया है। जांच में सामने आया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड होटल का ही रात्रिकालीन मैनेजर चंद्रेश रजक था। पुलिस ने मैनेजर और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर 60 लाख रुपए भी बरामद किए हैं।
नरसिंहपुर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने बताया कि घटना रात ढाई बजे हुई थी, जब चार हथियारबंद युवक होटल में घुसे और कर्मचारियों पर हमला कर 80 लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज और अन्य भौतिक तथा तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच में यह भी पता चला कि मैनेजर ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठा क्राइम सीन तैयार किया था।
पूछताछ में चंद्रेश रजक ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। उसने होटल में रखे रुपये के बारे में जानकारी होने का खुलासा किया। योजना के तहत उसने अपने सहयोगी कर्मचारियों राकेश शुक्ला और अनुज बाल्मिकी से संपर्क किया। इसके बाद नरसिंहपुर निवासी मोनू बंशकार को बुलाया, जिसने जबलपुर के तीन साथी लुटेरों को लाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि लुटेरे पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद मैनेजर और कर्मचारियों पर भी हमला करने से नहीं हिचके। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर 60 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। जबलपुर निवासी तीनों आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है और शेष रकम की बरामदगी की कार्रवाई जारी है।