Thursday, May 21

This slideshow requires JavaScript.

मुरादाबाद में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या, नहर में डुबोकर दी दर्दनाक मौत, चार आरोपी गिरफ्तार

मुरादाबाद। जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और उसे नहर में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

This slideshow requires JavaScript.

जानकारी के अनुसार, भोजपुर थाना क्षेत्र के गोधी गांव निवासी अख्तर अली (43) की शादी करीब 19 वर्ष पहले शबीना से हुई थी। अख्तर गांव में चाय की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। दंपती के एक बेटी और पांच बेटे हैं।

परिजनों के मुताबिक, शबीना के गांव के ही युवक अल्ताफ (35) से कथित तौर पर अवैध संबंध थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। इसी तनाव के बीच अख्तर अली 27 जनवरी को घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

इसके बाद 30 जनवरी को अख्तर अली का शव नहर से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया, जिससे शुरुआत में पुलिस इसे हादसा मान रही थी।

हालांकि, जब पुलिस को शबीना और अल्ताफ के बीच गहरे संबंधों की जानकारी मिली तो एसएसपी के निर्देश पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान शबीना और अल्ताफ ने हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने की बात कबूल कर ली।

पुलिस का कहना है कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने की चाह में पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। आरोपी अल्ताफ ने अपने दो साथियों सन्ता उर्फ संता और रंजीत सिंह के साथ मिलकर अख्तर को कार में बैठाकर नहर के पास ले गया और उसे नहर में डुबोकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी शव को हादसा दिखाने की कोशिश करते रहे और कपड़े छिपा दिए।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार और मृतक के कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply