
कटनी – कटनी जिले के एनकेजे थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची, लेकिन जांच में पता चला कि वह गर्भवती थी। सोमवार देर रात छात्रा ने एक बेटे को जन्म दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जून 2025 में उसके स्कूल के तीन छात्रों ने मास्क पहनकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान शुरू कर दी है।
पीड़िता की दर्दनाक कहानी
पीड़िता ने बताया कि तीन युवकों ने उसे धमकाकर सहमाया और वह इस भय और समाज के डर के कारण आठ महीने तक किसी को भी अपनी आपबीती नहीं बता सकी।
अस्पताल में जन्म
कुछ दिनों से पेट में तेज दर्द की शिकायत पर छात्रा को उसकी मां, जो सरकारी शिक्षिका हैं, कटनी के एक निजी अस्पताल ले गईं। जांच में डॉक्टरों ने पाया कि प्रसव का समय आ गया है। स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने तत्काल नॉर्मल डिलीवरी कराई, जिसमें नाबालिग ने एक बेटे को जन्म दिया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही सीएसपी नेहा पच्चीसिया अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर है और एनकेजे थाना पुलिस ने गैंगरेप का केस दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्राथमिकता पीड़िता और नवजात के स्वास्थ्य की है।