Tuesday, February 3

मेयर चुनाव 2026: रांची में अबकी बार ‘खलखो बनाम खलखो’, बीजेपी की रोशनी से कांग्रेस की रमा का मुकाबला

रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनावों की सरगर्मी तेज हो गई है। रांची में इस बार का मुकाबला खासा दिलचस्प होने वाला है क्योंकि भाजपा समर्थित रोशनी खलखो का सामना कांग्रेस समर्थित पूर्व मेयर रमा खलखो से होगा। यानी रांची में अबकी बार ‘खलखो बनाम खलखो’ की जंग देखने को मिलेगी।

This slideshow requires JavaScript.

झारखंड बीजेपी की कोर कमेटी ने नौ नगर निगमों के मेयर और परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए हैं। पार्टी ने संगठन की पूरी एकजुटता के साथ इन प्रत्याशियों को विजयी बनाने के निर्देश दिए हैं। रांची नगर निगम से रोशनी खलखो को उम्मीदवार बनाया गया है, जो 4 फरवरी को नामांकन भरेंगी। वहीं, पूर्व मेयर रमा खलखो ने भी आज (3 फरवरी) नामांकन भरने की घोषणा कर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

नगर निकायों के बीजेपी समर्थित प्रत्याशी
राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और उपाध्यक्ष रेखा वर्मा की मौजूदगी में हुई बैठक में अन्य नगर निगमों के लिए भी उम्मीदवारों पर अंतिम मुहर लगाई गई। प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:

  • धनबाद: संजीव अग्रवाल

  • देवघर: रीता चौरसिया

  • आदित्यपुर: प्रभाषिणी कालुंडिया

  • चास: अविनाश कुमार

  • मानगो: बबीता सिंह

  • मेदिनीनगर: अरुणा शंकर

  • हजारीबाग: सुदेश चंद्रवंशी

  • गिरिडीह: डॉ. शैलेंद्र चौधरी

रोशनी खलखो और रमा खलखो की जंग
रांची की राजनीति में यह मुकाबला खास इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भाजपा समर्थित रोशनी खलखो वही हैं, जिन्होंने नगर निकाय चुनाव समय पर कराने के लिए हाईकोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ी थी। वहीं, कांग्रेस समर्थित पूर्व मेयर रमा खलखो अपने अनुभव और कार्यकाल में हासिल किए गए जनसमर्थन को अपनी ताकत बता रही हैं।

भाजपा ने अन्य नगर निगमों में क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार तय किए हैं और सभी को बूथ मैनेजमेंट और जनसंपर्क तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे यह स्पष्ट है कि पार्टी चुनावी जंग में पूरी तैयारी के साथ उतर रही है।

रांची में इस चुनावी मुकाबले पर नजरें सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं की जमी हुई हैं, क्योंकि यह मुकाबला नाम और अनुभव दोनों की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply