Tuesday, February 3

रांची में परिवार में त्रासदी: युवक की फांसी से मौत, मां-बेटी गंभीर हालत में अस्पताल में

रांची: रांची के न्यू एजी कॉलोनी, मंदिर मार्ग स्थित एक आवास में आज एक ही परिवार के तीन लोगों ने आत्महत्या की कोशिश की। इसमें युवक मिहिर की मौत हो गई, जबकि उसकी मां स्नेहा अखौरी और 14 वर्षीय बहन तान्या की हालत गंभीर बनी हुई है।

This slideshow requires JavaScript.

घटना के अनुसार, मिहिर ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। उसकी मां और बहन ने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। दोनों को तत्काल शहर के गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

युवक कर रहा था सीए की पढ़ाई
मिहिर हाल ही में कोलकाता से रांची लौटा था और चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की पढ़ाई कर रहा था। चर्चा है कि उसे एक कॉरपोरेट कंपनी में नौकरी भी लग चुकी थी।

संभावित कारण पारिवारिक विवाद
आवास में रहने वाले लोगों के अनुसार, यह दुखद घटना संभवतः पारिवारिक विवाद और तनाव के चलते हुई। पूरे इलाके में घटना की जानकारी मिलते ही सनसनी फैल गई।

एफएसएल टीम और पुलिस जांच में जुटी
अरगोड़ा थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घर के आसपास मौजूद लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि मामले की वास्तविक वजह मां और बेटी के होश में आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply