
नई दिल्ली: बजट 2026 में सरकार ने किसानों के लिए एआई से लैस प्लेटफॉर्म ‘भारत विस्तार’ (Bharat Vistaar) लॉन्च किया है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म किसानों का सच्चा डिजिटल साथी बनेगा, जो उन्हें मौसम, मिट्टी की सेहत, फसल की देखभाल और सरकारी योजनाओं की जानकारी उनकी अपनी भाषा में देगा।
किसानों को मिलेगी अपनी भाषा में एक्सपर्ट सलाह
‘भारत विस्तार’ का पूरा नाम Virtually Integrated System to Access Agricultural Resources है। यह प्लेटफॉर्म एग्री-स्टैक पोर्टल और ICAR के डेटा से जुड़ा होगा। इससे किसान मौसम और कृषि संबंधित जानकारी को आसानी से समझ पाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले से ही बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में 4,000 कर्मचारी इस AI चैटबॉट का इस्तेमाल कर रहे हैं। अब इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा, ताकि किसान बुवाई से लेकर कटाई तक डेटा आधारित निर्णय ले सकें।
योजनाओं तक आसान पहुंच
इस प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन आसान तरीके से मिलेंगे। AI चैटबॉट सीधे किसान कॉल सेंटर से जुड़ा होगा, जिससे लाखों सवालों के जवाब तुरंत मिल सकेंगे। इससे किसानों और सरकार का सीधा रिश्ता बनेगा और बीच में बिचौलियों की जरूरत नहीं रहेगी।
इमेज-रिकग्निशन से कीटों की पहचान
भारत विस्तार सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है। इसमें तमिलनाडु और अन्य राज्यों के किसानों के व्यवहारिक अनुभवों को भी जोड़ा गया है। इमेज-रिकग्निशन फीचर की मदद से किसान अपनी फसल की फोटो खींचकर पता लगा पाएंगे कि कौन सा कीड़ा लगा है और उसे कैसे नियंत्रित किया जाए। यह AI सिस्टम आवाज और टेक्स्ट दोनों माध्यमों से किसानों की मदद करेगा।
इस प्लेटफॉर्म से किसानों की पैदावार बढ़ेगी और वे तकनीकी रूप से और ज्यादा कुशल बनेंगे। सरकार का मानना है कि यह मिशन भारतीय कृषि को आधुनिक, स्मार्ट और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।