
मुंबई। रणवीर सिंह अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के टीज़र का इंतजार कर रहे फैंस को अब निर्देशक आदित्य धर ने अहम अपडेट दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के साथ ‘धुरंधर 2’ का टीज़र रिलीज नहीं किया जाएगा, हालांकि टीज़र अब ज्यादा दूर भी नहीं है।
शुक्रवार सुबह आदित्य धर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फैन द्वारा साझा किए गए मीम को स्टोरी में री-शेयर करते हुए प्रतिक्रिया दी। मीम में लिखा था— “आदित्य धर मज़ाक नहीं, टीज़र जल्दी रिलीज करो।” इस पर निर्देशक ने जवाब दिया, “टीज़र कुछ ही दिनों में आ जाएगा।” हालांकि उन्होंने रिलीज की सटीक तारीख का खुलासा नहीं किया।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ का टीज़र 26 जनवरी को जारी किए जाने की संभावना है, जिसे लेकर फैंस सोशल मीडिया पर कयास लगा रहे हैं।
मार्च में होगी रिलीज, ‘टॉक्सिक’ से टकराव
फिल्म ‘धुरंधर’ के एंड-क्रेडिट सीन में ही इसके सीक्वल की पुष्टि कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जहां इसका मुकाबला यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक’ से होगा।
‘उरी’ से जुड़ सकते हैं फिल्म के तार
फिल्म के अंत में आर. माधवन द्वारा रणवीर सिंह के किरदार को “जसकिरत सिंह रंगी” कहकर संबोधित किए जाने से दर्शकों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं। फैंस का मानना है कि यह नाम निर्देशक आदित्य धर की सुपरहिट फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ से जुड़ सकता है। ‘उरी’ में कीर्ति कुलहारी के किरदार के पति का नाम भी कैप्टन जसकिरत सिंह रंगी बताया गया था, जो युद्ध में शहीद हो गए थे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि आदित्य धर अपनी दोनों फिल्मों की कहानी को आपस में जोड़ सकते हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘धुरंधर 2’ का टीज़र दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है और क्या यह फिल्म भी पहले भाग की तरह बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा पाएगी।
