
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने की लत एक 20 वर्षीय युवक के लिए गंभीर मानसिक परेशानी का कारण बन गई। लगातार गेम खेलने के चलते युवक का मानसिक संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक तेज आवाज में फिल्मी व भजन गाने गाने लगा, साथ ही अजीबोगरीब हरकतें करने लगा।
पंकज मिश्रा की रिपोर्ट के अनुसार, मामला राठ कस्बे के सिकंदरपुरा मोहल्ले का है। युवक अमृत लाल लंबे समय से मोबाइल गेम का आदी था। परिजनों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से वह लगातार गेम खेल रहा था। अचानक उसकी स्थिति बिगड़ गई, और परिजन उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराते हुए इलाज शुरू करवाया।
डॉक्टरों ने मोबाइल की लत को बताया कारण
सीएचसी राठ में तैनात डॉक्टर कनिष्क माथुर ने कहा कि लगातार मोबाइल गेम खेलना और नींद न लेना युवक की एंजायटी का मुख्य कारण बना। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक मोबाइल उपयोग मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहा है। फिलहाल युवक का इलाज जारी है, लेकिन उसकी हरकतें अब भी सामान्य नहीं हैं।
पारिवारिक दुख और मानसिक तनाव
युवक के पिता रमेश वर्मा ने बताया कि उनका बेटा पिछले एक साल से लगातार ऑनलाइन गेम खेल रहा था। परिवार ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। परिवार पर पहले ही दुख का पहाड़ टूट चुका था, जब उनकी बेटी गायत्री की ससुराल में मौत हो गई थी। अब बेटे की मानसिक हालत बिगड़ने से चिंता और बढ़ गई है।
मोबाइल की लत से बढ़ रहे मानसिक रोग
हमीरपुर जिले में मोबाइल और ऑनलाइन गेम की लत के कारण युवा तेजी से मानसिक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। साइकोथेरेपिस्ट डॉ. नीता वर्मा के अनुसार, प्रतिदिन चार से आठ घंटे तक मोबाइल का इस्तेमाल करने से एंजायटी, डिप्रेशन और अन्य मानसिक समस्याएं बढ़ रही हैं। हाल ही में सुमेरपुर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 160 लोगों की जांच की गई और 22 लोग मानसिक रोगी पाए गए। सभी का इलाज चल रहा है और उन्हें मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।