दरभंगा एयरपोर्ट पर एक बार फिर एप्रन (पार्किंग) की कमी और बुनियादी ढांचे की सीमाओं के कारण यात्रियों की सांसें अटक गईं। हैदराबाद से आने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 537 को करीब डेढ़ घंटे तक हवा में चक्कर काटते रहना पड़ा। जब एयरपोर्ट पर जगह नहीं मिली, तो विमान को रांची में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
फ्लाइट रांची एयरपोर्ट पर शाम 4 बजकर 28 मिनट पर उतरी और करीब आधे घंटे रुकने के बाद यात्रियों को लेकर पुनः दरभंगा के लिए रवाना हुई। शाम 5 बजकर 28 मिनट पर विमान दरभंगा पहुंचा, तब जाकर यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
यात्रियों में हड़कंप
हैदराबाद से आई फ्लाइट जब दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंडिंग नहीं कर पाई और हवा में चक्कर लगाने लगी, तो यात्रियों में घबराहट और हड़कंप मच गया। रांची में लैंडिंग के दौरान भी स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन बाद में सुरक्षित लैंडिंग और उड़ान के बाद सभी ने राहत महसूस की।
शेड्यूल और पार्किंग की समस्या
सोमवार को एयरपोर्ट पर जारी शेड्यूल के अनुसार, दिल्ली से अकासा एयर और मुंबई से स्पाइसजेट की उड़ानें पहले ही दो घंटे की देरी से चल रही थीं। दोपहर में जब दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद से एक साथ कई उड़ानें दरभंगा के लिए रवाना हुईं, तो एयरपोर्ट की सीमित पार्किंग क्षमता जवाब दे गई।
दिल्ली और मुंबई से पहले आई उड़ानें लैंड कर गईं, लेकिन कोलकाता और हैदराबाद से आने वाली इंडिगो और अकासा की फ्लाइट्स को एप्रन खाली न होने के कारण हवा में इंतजार करना पड़ा। दोपहर करीब डेढ़ बजे स्पाइसजेट और अकासा की उड़ानों के टेकऑफ के बाद ही रनवे और एप्रन खाली हुए और हवाई जहाजों को एक-एक कर लैंडिंग की अनुमति मिली।