
फिरोजाबाद।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। थाना नारखी क्षेत्र में मिले सिर कटी लाश के मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी प्रेमी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह घटना 11 जनवरी 2026 को प्रकाश में आई थी, जब नारखी थाना क्षेत्र के ग्राम जाखई में पूर्व ग्राम प्रधान जयवीर सिंह के ट्यूबवेल परिसर में एक युवक का सिर कटा शव मिला था। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। बाद में मृतक की पहचान सौरभ के रूप में हुई। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर मृतक की पत्नी से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि महिला के अपने प्रेमी सूरज के साथ अवैध संबंध थे। इसी संबंध के चलते उसने प्रेमी सूरज और उसके साथी सलमान के साथ मिलकर सौरभ की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृतक का सिर अलग कर बोरवेल में फेंक दिया। मामले के खुलासे के दौरान पुलिस और मुख्य आरोपी सूरज के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार, मृतक का मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे (315 बोर) और जिंदा कारतूस व खोखे बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।