Monday, March 30

एसएससी लाएगा नई भर्ती स्कीम: उम्मीदवारों को मिलेगा ‘सीट फिक्स–फ्लोट’ का विकल्प, पसंद से बनेगी फाइनल मेरिट लिस्ट

नई दिल्ली, 12 जनवरी 2026 (भूपेंद्र शर्मा) – कर्मचारी चयन आयोग (SSC) अपनी भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब चयनित उम्मीदवारों को ‘सीट फिक्स’ (Freeze) और ‘सीट फ्लोट’ (Float) करने का विकल्प मिलेगा। इस नई व्यवस्था के तहत उम्मीदवार अपनी पसंद के अनुसार पद और स्थान स्वीकार या प्रतीक्षा कर सकेंगे, और उसी आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।

This slideshow requires JavaScript.

 

नवभारत टाइम्स से विशेष बातचीत में एसएससी चेयरमैन एस. गोपालाकृष्णन ने बताया कि इस नई स्कीम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जितने पदों के लिए भर्ती निकाली जाए, उनमें से अधिकतम पद वास्तव में भरे जा सकें। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभव से यह सामने आया है कि चयन के बावजूद 20 से 30 प्रतिशत उम्मीदवार जॉइन नहीं करते, जिससे पद खाली रह जाते हैं।

 

कैसे काम करेगी ‘सीट फिक्स–फ्लोट’ योजना

 

एसएससी चेयरमैन के अनुसार, परीक्षा परिणाम के बाद पहले चरण में चयनित उम्मीदवारों की एक अस्थायी (टेंटेटिव) सूची जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों से पूछा जाएगा कि उन्हें जिस पद और स्थान पर नियुक्ति मिल रही है, वे उसे स्वीकार करना चाहते हैं या नहीं।

 

सीट फिक्स (Freeze): उम्मीदवार उस पद और स्थान को स्वीकार कर लेगा।

सीट फ्लोट (Float): उम्मीदवार बेहतर विकल्प की प्रतीक्षा करेगा, लेकिन वर्तमान चयन सुरक्षित रहेगा।

 

उम्मीदवारों की इन प्राथमिकताओं के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। पायलट प्रोजेक्ट के तहत यह प्रक्रिया दो राउंड में पूरी की जाएगी, जिससे अधिकतम पदों को भरा जा सके।

 

भर्ती में पारदर्शिता और जॉइनिंग बढ़ाने की कोशिश

 

एस. गोपालाकृष्णन ने बताया कि इस प्रयोग से चयन के बाद जॉइन न करने की समस्या काफी हद तक कम होगी। जो उम्मीदवार किसी पद को स्वीकार नहीं करेंगे, उनकी जगह अन्य इच्छुक अभ्यर्थियों को मौका मिल सकेगा। लक्ष्य है कि 90 से 95 प्रतिशत तक नियुक्ति सुनिश्चित की जा सके।

 

सिंगल शिफ्ट में होगी CGL टियर-2 परीक्षा

 

एसएससी चेयरमैन ने जानकारी दी कि कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (CGL) परीक्षा 2025 का टियर-2 18 जनवरी को सिंगल शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा। इसमें रिकॉर्ड 1.32 लाख उम्मीदवार शामिल होंगे। सभी अभ्यर्थियों के लिए एक ही प्रश्नपत्र होगा और नॉर्मलाइजेशन लागू नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अदालत भी सीधे नियुक्ति वाली परीक्षाओं में सिंगल शिफ्ट को बेहतर मानती है।

 

पहली बार इतने बड़े स्तर पर 400 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर एक साथ परीक्षा आयोजित की जाएगी। कंप्यूटर और लैपटॉप आधारित परीक्षा का प्रयोग भी जारी रहेगा।

 

2026 में रिकॉर्ड आवेदन की संभावना

 

एसएससी के मुताबिक, वर्ष 2026 में कांस्टेबल जीडी परीक्षा के लिए 50 लाख से अधिक आवेदन आने की संभावना है, जबकि ग्रेजुएट लेवल परीक्षा के पहले चरण में 30 लाख से ज्यादा उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

 

2026 परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल जारी

 

एसएससी ने वर्ष 2026 में होने वाली 12 परीक्षाओं का संभावित कैलेंडर भी जारी कर दिया है।

 

CGL टियर-1 परीक्षा मई–जून 2026 में होगी, जबकि रजिस्ट्रेशन मार्च में शुरू होगा।

CHSL टियर-1 परीक्षा जुलाई–अगस्त 2026 में आयोजित की जाएगी और इसके लिए आवेदन अप्रैल से शुरू होंगे।

 

Leave a Reply