
नई दिल्ली: भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान और स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के साथ एयरपोर्ट पर एक मजेदार लेकिन डरावना वाकया हुआ। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ से पहले अय्यर फैन से ऑटोग्राफ दे रहे थे, तभी पास में खड़ी एक महिला के हाथ में कुत्ता अचानक उनके पास आया और उन्हें काटने की कोशिश की। हालांकि अय्यर सतर्क थे और तुरंत अपना हाथ पीछे खींच लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
श्रेयस अय्यर पूरी तरह से फिट हैं और 11 जनवरी से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ में खेलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए दो मैच खेले, जिनमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। हिमाचल के खिलाफ 82 रन और पंजाब के खिलाफ 45 रन की पारियों से उन्होंने अपनी अच्छी लय दिखाई।
अय्यर वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया के महत्वपूर्ण बल्लेबाजों में से एक हैं। 73 मैचों में उनके नाम 2917 रन हैं, जिसमें 5 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा, उनका औसत करीब 48 और स्ट्राइक रेट 99 का है।
याद दिला दें कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कैच लेने के दौरान अय्यर पेट में चोटिल हो गए थे और उन्हें कुछ समय के लिए सिडनी के अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। अब वह पूरी तरह से स्वस्थ होकर मैदान में लौट रहे हैं।