
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक फैन रोहित से वड़ा पाव खाने के लिए पूछता है, लेकिन फिटनेस को ध्यान में रखते हुए रोहित मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर इसे ठुकरा देते हैं।
रोहित इस समय सिर्फ वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेलते हैं। हालांकि मैदान पर उनकी उपस्थिति कम है, लेकिन फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए हमेशा उत्सुक रहते हैं। अभ्यास के दौरान भी फैंस की भीड़ लग जाती है, और कई वीडियो वायरल हो जाते हैं। इस बार भी ऐसा ही मजेदार वाकया सामने आया।
यह घटना उस समय हुई जब रोहित अभ्यास के लिए मैदान पर तैयार हो रहे थे। तभी एक फैन ने मराठी में उनसे पूछा, “रोहित भैया, वड़ा पाव चाहिए का?” रोहित ने मुस्कान के साथ हाथ हिलाकर मना कर दिया। यह पहली बार नहीं है जब रोहित ने किसी फैन के वड़ा पाव ऑफर को ठुकराया है।
बेहतरीन फॉर्म में रोहित
पिछला साल रोहित शर्मा के लिए बेहद यादगार रहा। उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और टीम इंडिया को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई, जिसमें फाइनल में उन्होंने मैच जिताऊ 76 रन बनाए। रोहित पहली बार ICC वनडे रैंकिंग में नंबर 1 बल्लेबाज बने और भारत के लिए वनडे में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 रन पूरे करने वाले रोहित चौथे भारतीय खिलाड़ी बने। यह उपलब्धि उन्होंने पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में खेले गए तीसरे वनडे में हासिल की।
अफरीदी का रिकॉर्ड भी तोड़ा
नवंबर में रोहित शर्मा ने शाहिद अफरीदी का वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए पहले वनडे में अपना 352वां छक्का लगाया और अफरीदी के 2015 से कायम रिकॉर्ड 351 छक्कों को पीछे छोड़ दिया। अब तक रोहित ने 279 वनडे मैचों में 355 छक्के लगाए हैं।
रोहित शर्मा की यह फनी और दिलचस्प प्रतिक्रिया फैंस के बीच सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है।