
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। एजेंसी ने 3 जनवरी 2026 को इसका विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
CUET UG परीक्षा देश की केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य भाग लेने वाले संस्थानों में स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।
11 मई से शुरू होगी परीक्षा
NTA द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार CUET UG 2026 परीक्षा का आयोजन 11 मई से 31 मई 2026 के बीच किया जाएगा। परीक्षा भारत और विदेशों में 13 भाषाओं में आयोजित होगी। परीक्षा पैटर्न और सिलेबस की पूरी जानकारी इन्फॉर्मेशन ब्रोशर में उपलब्ध करा दी गई है।
आवेदन और फीस जमा करने की अंतिम तिथि
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 30 जनवरी 2026 (रात 11:50 बजे तक)
परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 31 जनवरी 2026 (रात 11:50 बजे तक)
आवेदन फॉर्म में सुधार की तिथि: 2 फरवरी से 4 फरवरी 2026 (रात 11:50 बजे तक)
उम्मीदवार परीक्षा शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के माध्यम से कर सकते हैं।
CUET UG 2026 के लिए आवेदन कैसे करें
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाएं
- होम पेज पर CUET UG 2026 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें
- व्यक्तिगत विवरण (Personal Details) भरें
- शैक्षणिक योग्यता से संबंधित जानकारी दर्ज करें
- पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी अपलोड करें
- ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा शुल्क का भुगतान करें
- आवेदन फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट या PDF सुरक्षित रखें
एग्जाम सिटी और एडमिट कार्ड को लेकर NTA का बयान
NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर की जानकारी और एडमिट कार्ड से संबंधित विवरण उचित समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स, आंसर-की और परीक्षा परिणाम की घोषणा भी नियत समय पर की जाएगी।
CUET UG 2026 में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और आधिकारिक वेबसाइट पर जारी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
