
धौलपुर/जयपुर: राजस्थान में भजनलाल शर्मा सरकार के दो साल पूरे होने पर महिलाओं को बड़ा तोहफा मिला। धौलपुर में आयोजित महिला सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 91.58 लाख महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,054 करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए। यह राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से क्रेडिट की गई।
सीधे बैंक खातों में मदद:
एक बटन क्लिक करते ही महिलाओं के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई और उनके चेहरों पर खुशी की झलक साफ देखी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजीविका समूह से जुड़ी महिलाओं को 100 करोड़ रुपए का ऋण भी वितरित किया। भजनलाल शर्मा ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सरकार सीधे ही लाभार्थियों तक सहायता राशि पहुंचाती है, जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की कोई गुंजाइश नहीं रहती।
नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति:
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए चल रही विभिन्न योजनाएं नारी शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का प्रतीक हैं। महिलाओं ने आज केवल घर की चौखट तक ही सीमित नहीं रहकर संसद, अंतरिक्ष और समाज के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने महिला सशक्तिकरण को नीति नहीं, बल्कि मिशन के रूप में अपनाया है।
धौलपुर महिला सम्मेलन में बड़ी संख्या में नेता मौजूद:
धौलपुर जिले के पंचगांव में आयोजित इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनीं।
राजस्थान सरकार की यह पहल महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण देने के साथ-साथ उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने का महत्वपूर्ण उदाहरण है।