
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर गृह विभाग ने जारी किए स्वीकृति आदेश
देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने के संकल्प की दिशा में बड़ा कदम

इंदौर, 23 जुलाई 2026 (सद्वार्ता)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के पालन में मध्यप्रदेश पुलिस में विभिन्न श्रेणियों के 9 हजार 662 पदों की स्वीकृति के आदेश गृह विभाग द्वारा जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने तीन दिन पूर्व पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में रिक्त पदों की पूर्ति का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए पदोन्नति अभियान में लगभग 25 हजार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा था कि रिक्त पदों की भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया लगातार जारी रखी जाएगी।
चार आदेशों में स्वीकृत हुए 9,662 पद
गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों में सीधी भर्ती के लिए कई पदों को स्वीकृति दी गई है।
इनमें तृतीय श्रेणी के अराजपत्रित सूबेदार (अ) शीघ्र लेखक के 135 पद और सहायक उपनिरीक्षक (अ) के 520 पद सहित कुल 655 पद शामिल हैं।
इसके अलावा अराजपत्रित सूबेदार के 81 पद, उपनिरीक्षक जिला पुलिस बल के 312 पद, उपनिरीक्षक विसबल के 69 पद, उपनिरीक्षक क्यूडी के 4 पद, उपनिरीक्षक अंगुल चिन्ह के 22 पद, उपनिरीक्षक आयुध के 10 पद तथा उपनिरीक्षक फोटो के 9 पद सहित कुल 507 पदों की भर्ती को मंजूरी दी गई है।
राज्य शासन ने सबसे अधिक 7500 पद आरक्षक (जीडी) की सीधी भर्ती के लिए स्वीकृत किए हैं। वहीं आरक्षक (चालक) के 1000 पदों को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
पुलिस में भरे जाएंगे 18 हजार पद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस विभाग में कुल 18 हजार पदों को भरने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में 9662 पदों की स्वीकृति के बाद शेष पदों की स्वीकृति भी जल्द जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नक्सलवाद समाप्त होने के बाद प्रदेश के विकास कार्यों में भी पुलिस बल की सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को जन्मजयंती पर किया नमन
चंद्रशेखर उद्यान से निकाली गई आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा
आलीराजपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचकर उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का त्याग, साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्श नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति का संदेश देते रहेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने चंद्रशेखर उद्यान से आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया।
मशाल यात्रा आजाद कुटिया (आजाद स्मृति मंदिर) पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने शहीद चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आजाद का जीवन राष्ट्रभक्ति का उदाहरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आजाद स्मृति मंदिर में प्रदर्शित चंद्रशेखर आजाद के जीवन वृत्तांत का अवलोकन किया। उन्होंने उनके बचपन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और राष्ट्र के लिए दिए गए बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजाद का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद अमर रहें के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्रीमती अनीता चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनजातीय अंचल तीर्थ के समान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
स्वसहायता समूह की बहनों को 2.10 करोड़ रुपए की ऋण राशि वितरित
आलीराजपुर को मिली 357 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात
आलीराजपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का संपूर्ण जनजातीय अंचल हमारे लिए तीर्थ के समान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि झाबुआ, आलीराजपुर, मंडला, डिंडोरी और बालाघाट जैसे जनजातीय क्षेत्र प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं के केंद्र हैं।
उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं को 2.10 करोड़ रुपए की ऋण राशि प्रदान की।
जोबट तक पहुंचेगा नर्मदा जल
मुख्यमंत्री ने बताया कि जोबट में डही नर्मदा पाइप लाइन सिंचाई परियोजना पूरी हो चुकी है। जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा, जिससे जोबट क्षेत्र तक नर्मदा जल पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि आलीराजपुर जिले को लगभग 357 करोड़ रुपए लागत के 271 विकास कार्यों की सौगात मिली है।
किसानों के हित में लगातार प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्राकृतिक खेती और पशुपालन को बढ़ावा दे रही है। डेयरी क्षेत्र में गुजरात के अमूल मॉडल की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उन्नत नस्ल की 25 गायों के साथ डेयरी शुरू करने पर 10 लाख रुपए तक अनुदान का प्रावधान किया गया है।
रानी काजल माता लोक और विशाल पार्क बनेगा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भाभरा में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को समर्पित विशाल पार्क बनाया जाएगा। साथ ही रानी काजल माता लोक का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डही उद्वहन सिंचाई योजना से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और सिंचाई क्षेत्र का विस्तार होगा।
जनजातीय युवाओं की प्रतिभा और लोक कला के संरक्षण के लिए बनेंगी विशेष योजनाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
आलीराजपुर को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने का संकल्प
आलीराजपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आलीराजपुर अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, भाषा, कला, प्राकृतिक संपदा और वनोपज के लिए विशेष पहचान रखता है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति और लोक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशेष योजनाएं तैयार की जाएंगी तथा स्थानीय कला को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन गया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कृषि, प्राकृतिक खेती, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण नवाचारों पर डिजिटल सामग्री तैयार करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का भगोरिया उत्सव मध्यप्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है और इसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स से संवाद करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्री राजेंद्र बासुनिया, सुश्री प्रियंका तोमर, सुश्री साक्षी भयड़िया, श्री भरत सस्तिया और श्री रितेश राठौड़ को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजगढ़ में रुकवाया काफिला, स्वयं बनाई चाय
अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने हाथों से पिलाई कुल्हड़ वाली चाय
राजगढ़, 23 जुलाई 2026 (SDNA)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार शाम चंद्रशेखर आजाद नगर (आलीराजपुर) से इंदौर लौटते समय राजगढ़ में सहजता और आत्मीयता का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने अचानक अपना काफिला राजगढ़ स्थित श्री चारभुजा रेस्टोरेंट पर रुकवाया और वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की।
उन्होंने स्वयं अपने हाथों से चाय बनाई और पारंपरिक कुल्हड़ में चाय का आनंद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने काफिले में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपने हाथों से चाय वितरित की।
मुख्यमंत्री का सरल व्यवहार वहां मौजूद नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना। लोगों ने उनके साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया और पुनः इंदौर के लिए रवाना हुए।


