

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (सद्वार्ता)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पन्ना प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 204 करोड़ 26 लाख रुपये लागत के 22 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसमें 94 करोड़ 63 लाख रुपये लागत के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 109 करोड़ 63 लाख रुपये लागत के 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुनौर एवं पवई तथा शासकीय महाविद्यालय पवई के नवीन भवनों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही बृजपुर एवं सुहावा बैराज योजना, बृहस्पति कुंड के सौंदर्यीकरण, ग्लास फ्लोर एवं व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा टांईं पहुंच मार्ग, मकरंदगंज-हरद्वाही-गुनौर, मड़वा से बंधा तथा सप्तैया-झरकुआं-पगरा-बम्हौरी मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा डायमंड म्यूजियम, संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन पन्ना, छत्रसाल पीजी कॉलेज के विज्ञान भवन के रेनोवेशन, उन्नयन एवं नवीन निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन होगा।
गीता पेट्रोल पंप से पोस्ट ऑफिस तिराहा तक सड़क, डिवाइडर निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन शहरी अंतर्गत जल प्रबंधन कार्य, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पवई भवन निर्माण, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में कर्मशाला एवं नवीन भवन निर्माण तथा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवई में बालक एवं बालिका छात्रावास निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया जाएगा।
बलराम कृषि महोत्सव : मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर खुश हुए भाभरा के किसान
कहा- मदद करने वाली सरकार है मोहन सरकार
जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)
कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सम्मानित होकर आलीराजपुर जिले के भाभरा क्षेत्र के किसान बेहद खुश नजर आए। किसानों ने कहा कि मोहन सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
सरकार की मदद से बढ़ा आम का बगीचा
कांदा गांव के किसान यशपाल सिंह ने बताया कि वे प्राकृतिक तरीके से आम की खेती करते हैं। करीब 18 एकड़ क्षेत्र में उनके 1000 से अधिक केसर आम के पेड़ हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में कृषि विभाग द्वारा उन्हें 400 पौधे उपलब्ध कराए गए थे और आर्थिक सहायता भी मिली थी। आज यही प्रयास बड़े आम के बगीचे में बदल गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के कारण उन्हें बाजार तलाशने की जरूरत नहीं पड़ती, ग्राहक सीधे खेत तक पहुंच जाते हैं। सोलर पंप योजना से भी उन्हें काफी लाभ मिला है। उन्होंने इच्छा जताई कि प्राकृतिक खेती का प्रमाण पत्र मिलने से वे विदेशों में भी आम बेच सकेंगे।
किसानों के लिए सरकार कर रही बेहतर काम
जोबट क्षेत्र के किसान विजय सिंह ने बताया कि वे करीब 9 एकड़ में केसर आम की खेती करते हैं। उनके पास 1000 से अधिक आम के पेड़ हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब 8 लाख रुपये के आम बेचे हैं। सरकार की सहायता से उन्हें खेती में काफी सहयोग मिला है। उन्होंने आम के बगीचों की सुरक्षा के लिए तार फेंसिंग की व्यवस्था की मांग भी रखी।
फसल बीमा योजना बनी किसानों का सहारा
जानिया-केल्दी क्षेत्र की किसान माल ने बताया कि वे ज्वार, बाजरा, मक्का, तुअर और उड़द जैसी फसलों की खेती करती हैं। कम बारिश के बावजूद मोटे अनाज की खेती से उन्हें राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि फसल खराब होने पर फसल बीमा योजना से आर्थिक सहायता मिल जाती है।
किसानों ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारी समय-समय पर उन्हें खेती के आधुनिक तरीकों, जैविक खाद और बेहतर उत्पादन की जानकारी देते रहते हैं। किसानों ने शासन से भविष्य में भी किसान हितैषी योजनाएं जारी रखने की उम्मीद जताई।
विद्यार्थियों को दिया आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक कौशल का प्रशिक्षण
जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)
11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा मानसून पूर्व तैयारियों के तहत अशोका हॉल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, विजय नगर में विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रति जागरूक करना तथा आपात परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों, प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण देना था।
प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ टीम ने भूकंप, अग्निकांड, बाढ़, विद्युत दुर्घटना जैसी आपदाओं में सुरक्षित निकासी, सीपीआर, प्राथमिक उपचार एवं अन्य जीवन रक्षक तकनीकों का प्रदर्शन किया।
एनडीआरएफ मुख्यालय एवं 11वीं वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में निरीक्षक रेखा कुमारी ने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण की जानकारी परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर प्राचार्य आशिमा जॉन, मैनेजर अजय दुबे, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार, सिविल डिफेंस वार्डन सुनील गर्ग सहित विद्यालय स्टाफ एवं एनडीआरएफ के जवान उपस्थित रहे।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित
जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों एवं विकासखंडों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य इकाई दल द्वारा 8 जुलाई को किए गए भ्रमण के निष्कर्षों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक अंजुला झा भी मौजूद थीं।
सीईओ अभिषेक गहलोत ने मझौली एवं सिहोरा की शेष ग्राम पंचायतों में उद्यम आधार पंजीयन दो दिन के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक लिंकेज के प्रथम चरण के प्रकरणों को प्राथमिकता देने तथा लंबित आरएफ (रिवॉल्विंग फंड) एवं सीआईएफ (सामुदायिक निवेश निधि) प्रकरणों को शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्व-सहायता समूहों के भौतिक सत्यापन, सार्थक ऐप पर बैठक की जानकारी अपलोड करने, समूहों की नियमित बैठकें कराने तथा लोकोस पोर्टल पर ई-केवाईसी, फेस ऑथेंटिकेशन, मोबाइल नंबर एवं बैंक खाते की जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक में कुंडम, शहपुरा और सिहोरा क्षेत्रों में पात्र परिवारों को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने, लंबित बैंक खाते खुलवाने तथा मध्याह्न भोजन योजना के समूहों को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़ने की समीक्षा की गई।
सीईओ ने लखपति इनिशिएटिव योजना के अंतर्गत लंबित डिजिटल आजीविका रजिस्टर प्रविष्टियां 31 जुलाई तक पूर्ण करने तथा सभी मिशन कर्मियों की सार्थक ऐप से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं राज्य इकाई दल के सुझावों पर भी चर्चा की गई।


