Thursday, July 23

This slideshow requires JavaScript.

एटीएस और धोरीमन्ना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8,170 नशीली गोलियां और 1.78 लाख रुपये जब्त

मादक पदार्थ तस्करी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त

बालोतरा, 23 जुलाई 2026 (सद्वार्ता)

This slideshow requires JavaScript.

राजस्थान के बालोतरा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एटीएस जोधपुर और धोरीमन्ना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 8,170 नशीली गोलियां, उनकी बिक्री से अर्जित 1 लाख 78 हजार 500 रुपये नकद तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक बालोतरा राजेश कुमार कोवट (आईपीएस) ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार तथा पुलिस महानिरीक्षक, जोधपुर रेंज सत्येन्द्र सिंह (आईपीएस) के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह (आरपीएस) एवं वृताधिकारी गुड़ामालानी सुखाराम (आरपीएस) के सुपरविजन तथा धोरीमन्ना थाना प्रभारी दलपत सिंह के नेतृत्व में यह संयुक्त कार्रवाई की गई।

कार की तलाशी में मिली नशीली गोलियां

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को एटीएस जोधपुर और धोरीमन्ना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने धोरीमन्ना कस्बे में कार संख्या RJ-22-TA-3833 को रोककर जांच की। वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया।

तलाशी के दौरान कार से 8,170 नशीली टेबलेट तथा 1,78,500 रुपये नकद बरामद हुए, जो प्रारंभिक जांच में नशीली गोलियों की बिक्री से अर्जित राशि मानी जा रही है। पुलिस ने बरामद सामग्री और वाहन को जब्त कर लिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें—

  • महेन्द्र वहराडे (51), पेशे से डॉक्टर, निवासी उदयपुर।
  • कपिल आमेठा (34), निवासी राजसमंद, वर्तमान में उदयपुर।
  • छोटुसिंह राजपूत (49), चालक, निवासी उदयपुर।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 एवं 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब नशीली गोलियों की खरीद, बिक्री और पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

संयुक्त पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में धोरीमन्ना थाना प्रभारी दलपत सिंह, एटीएस जोधपुर के बुधराम, धोरीमन्ना थाना के सुरतान सिंह, एटीएस के ठाकराराम, धोरीमन्ना थाना के सांगाराम, जोगेन्द्र, तथा एटीएस जोधपुर के सवाई सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

(SDNA)

Leave a Reply