Thursday, July 23

This slideshow requires JavaScript.

अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद एवं लोकमान्य तिलक जयंती पर भव्य समारोह, पांच विभूतियां सम्मानित

इंदौर। (सद्वार्ता)
अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद एवं लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती के अवसर पर श्री गीता रामेश्वरम ट्रस्ट, नेताजी सुभाष चंद्र बोस अखिल भारतीय स्वतंत्र सेनानी उत्तराधिकारी संगठन तथा अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ‘आज़ाद-तिलक अलंकरण समारोह’ आयोजित किया गया। समारोह में समाज, शिक्षा, खेल एवं सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

This slideshow requires JavaScript.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं मध्यस्थता केंद्र के प्रमुख जस्टिस (सेवानिवृत्त) मोहम्मद शमीम कुरैशी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने की, जबकि हेमराज वाडिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में अनिल आज़ाद, गणेश वर्मा, जगदीश सतेया, बंटी कुमरावत, उमाशंकर रायकवार, ओ.पी. वर्मा, सुधीर सेठिया, उमेश पारेख, कैलाश कुशवाहा तथा संजय जयंत सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन मदन परमालिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन जगदीश जोशी ने व्यक्त किया। बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने का आह्वान

अध्यक्षीय उद्बोधन में पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए स्वाधीनता सेनानियों ने अनगिनत बलिदान दिए, लेकिन उन्होंने कभी किसी पुरस्कार या व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा नहीं की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में कार्य करें और उनके बलिदान को सार्थक करें।

मुख्य अतिथि जस्टिस मोहम्मद शमीम कुरैशी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में संस्कारों का क्षरण चिंता का विषय है। समाज सेवा का मार्ग कठिन अवश्य है, लेकिन जो लोग निष्ठा के साथ इस कार्य में लगे हैं, वे सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि समाज से जो मिला है, उसका ऋण चुकाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक योगदान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल दिखावे तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे आचरण में भी उतारना आवश्यक है।

इन पांच विभूतियों को मिला ‘आज़ाद-तिलक अलंकरण’

समारोह के संयोजक विनोद सत्यनारायण पटेल ने बताया कि समाज और राष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच हस्तियों को ‘आज़ाद-तिलक अलंकरण’ से सम्मानित किया गया। इनमें खेल क्षेत्र से हॉकी कोच अशोक यादव, शिक्षा क्षेत्र से शिक्षाविद डॉ. ओमप्रकाश धीमान, तथा समाज सेवा के क्षेत्र में राजेंद्र सोनी, सीमा सेन और हुकम यादव शामिल हैं।

देशभक्ति गीतों से गूंजा समारोह

कार्यक्रम के दौरान कलाकार आफताब आलम कुरैशी ने देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह भर दिया तथा पूरा सभागार देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

Leave a Reply