
बीपीसीएल तेवर और एचपी घाना पंप पर सीबीजी आपूर्ति से जुड़े मामलों की भी हुई जांच

जबलपुर, 21 जुलाई (सद्वार्ता)।
सीएनजी के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ कथित धोखाधड़ी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जिले के छह सीएनजी पंपों की जांच के लिए अलग-अलग जांच दल गठित किए हैं। कलेक्टर कार्यालय की शिकायत शाखा द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी शिकायतों की तथ्यात्मक जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच के दायरे में जिले के विभिन्न स्थानों पर संचालित आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के छह सीएनजी पंप शामिल हैं। जांच दल में संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारी तथा संबंधित ऑयल कंपनी के सेल्स अधिकारी को शामिल किया गया है।
जिन पंपों की जांच की जाएगी, उनमें रांझी स्थित आईओसीएल सीबीजी पंप, विजयनगर स्थित एचपीसीएल पंप, महाराजपुर स्थित बीपीसीएल पंप, अंधमुख बायपास स्थित एचपीसीएल पंप, तिलवारा स्थित एचपीसीएल पंप तथा तेवर स्थित बीपीसीएल पंप शामिल हैं। इसी क्रम में बीपीसीएल तेवर और एचपी घाना पंप पर सीबीजी से संबंधित कारणों की भी जांच की गई।
अपर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में जांच दलों को शिकायत पत्र में उल्लेखित सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच कर स्पष्ट अभिमत सहित तीन दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


