देश को मिली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी हावड़ा–कामाख्या के बीच दौड़ेगी आधुनिक हाई-स्पीड ट्रेन, जानिए किराया और सुविधाएं
मालदा/नई दिल्ली।
देश के रेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक ट्रेन हावड़ा (पश्चिम बंगाल) और कामाख्या (असम) के बीच चलेगी, जिससे पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री इन दिनों पश्चिम बंगाल और असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे कई अहम रेल और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पहले ही मालदा पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर चुके थे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत स्लीपर
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी की यात्राओं के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इसमें कुल 16 वातानुकूलित कोच हैं, जिनमें एक साथ 823 यात्रियों के सफर की क्षमता ...










