
मुंबई, 15 जनवरी 2026: महाराष्ट्र में आज 29 नगर निकायों के लिए मतदान जारी है। मुंबई में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव पर खास नजर है, क्योंकि इसका वार्षिक बजट 74,400 करोड़ रुपये है। ऐसे महत्वपूर्ण मौके पर कई फिल्म सितारे भी वोट डालने पहुंचे। इनमें बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार अपनी पत्नी के साथ शामिल थे।
मतदान केंद्र पर एक छोटी लड़की ने अक्षय कुमार से मदद की गुहार लगाई। उसने बताया कि उसके पिता भारी कर्ज में हैं और उनकी आर्थिक मदद की जरूरत है। अक्षय कुमार ने लड़की की बात ध्यान से सुनी और अपने टीम के माध्यम से उसे अपना फोन नंबर देने की व्यवस्था की।
इस दौरान लड़की भावुक होकर अक्षय के पैर छूने लगी, लेकिन अक्षय ने उसे उठाया और कहा, “बेटा ऐसा मत करो।” इस छोटे लेकिन नेक काम ने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया। कई यूजर्स ने अक्षय की तारीफ करते हुए लिखा कि किसी की मदद करना ही सच्ची हीरोपंती है।
अक्षय कुमार ने इस मौके पर कहा, “आज वो दिन है जब रिमोट कंट्रोल हमारे हाथों में है। मैं सभी मुंबईवासियों से अपील करता हूं कि वोट जरूर दें।”
इस दिन अन्य मशहूर हस्तियों जैसे सुनील शेट्टी, गुलजार, नाना पाटेकर और हेमा मालिनी ने भी वोट डाला। हेमा मालिनी ने कहा, “मैं सभी से अपील करती हूं कि वे बाहर निकलकर वोट डालें। अगर हम मुंबई में सुरक्षा, प्रगति, साफ हवा और गड्ढों से मुक्त सड़कें चाहते हैं, तो हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।”
राज्यभर में कुल 893 वार्डों और 2,869 सीटों पर मतदान चल रहा है। इस चुनाव में 3.48 करोड़ मतदाता और 15,931 उम्मीदवार शामिल हैं।
