Monday, June 29

This slideshow requires JavaScript.

स्टीयरिंग छोड़ पान मसाला बनाता रहा चालक, पलटी स्लीपर बस जालोर में भीषण हादसा दंपती समेत तीन की मौत, 12 से अधिक यात्री गंभीर घायल

 

This slideshow requires JavaScript.

 

 

 

 

जालोर।

राजस्थान के जालोर जिले में नेशनल हाईवे-325 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दंपती समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आहोर थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एक निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर पलट गई। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।

 

नींद में थे यात्री, अचानक पलट गई बस

 

रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच गवरी गांव और गुड़ा बालोतान के बीच तेज रफ्तार बस अचानक बेकाबू हो गई और नीम के पेड़ से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्री इधर-उधर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस में फंस गए, जिन्हें शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया।

 

सांचौर से करौली जा रही थी बस

 

आहोर थाना प्रभारी करण सिंह ने बताया कि टीआर जाणी ट्रेवल्स की निजी स्लीपर बस रविवार शाम करीब छह बजे सांचौर से रवाना हुई थी। बस जालोर, आहोर और जयपुर होते हुए करौली जा रही थी। प्रारंभिक जांच में बस की रफ्तार काफी अधिक बताई जा रही है।

 

दंपती की दर्दनाक मौत, बेटा मिलने जा रहे थे अजमेर

 

हादसे में सांचौर के लियादरा गांव निवासी फगलूराम बिश्नोई (75) और उनकी पत्नी हाऊ देवी (65) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। फगलूराम का पैर कटकर अलग हो गया, जबकि हाऊ देवी का सिर धड़ से अलग हो गया। दोनों बस में बुरी तरह दब गए थे। दंपती अजमेर में अपने बेटे और उसके परिवार से मिलने जा रहे थे।

इसके अलावा भरतपुर निवासी अमृतलाल ने इलाज के दौरान जालोर के सामान्य अस्पताल में दम तोड़ दिया।

 

नशे में ड्राइविंग और लापरवाही का आरोप

 

बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक बस को 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चला रहा था। यात्रियों का कहना है कि चालक नशे की हालत में था और चलती बस का स्टीयरिंग छोड़कर पान मसाला तैयार कर रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।

 

तीन क्रेनों से सीधी कराई गई बस

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बस को सीधा करने के लिए तीन क्रेनों की मदद ली गई। सभी घायलों को आहोर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को जालोर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार कुल 13 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

 

जांच जारी, चालक की भूमिका पर फोकस

 

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। चालक की लापरवाही और नशे में वाहन चलाने की आशंका को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच जारी है। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

 

 

Leave a Reply