Thursday, July 23

This slideshow requires JavaScript.

मध्यप्रदेश पुलिस में 9 हजार 662 पदों को मिली मंजूरी, जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर गृह विभाग ने जारी किए स्वीकृति आदेश
देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने की दिशा में बड़ा कदम

This slideshow requires JavaScript.

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (सद्वार्ता)

मध्यप्रदेश पुलिस में रिक्त पदों को भरने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के पालन में गृह विभाग ने पुलिस विभाग की विभिन्न श्रेणियों के 9 हजार 662 पदों की स्वीकृति के आदेश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तीन दिन पहले पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने हाल ही में पुलिस विभाग में लगभग 25 हजार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा था कि भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया लगातार जारी रहनी चाहिए।

चार आदेशों में स्वीकृत हुए 9,662 पद

गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों में तृतीय श्रेणी के सीधी भर्ती वाले पदों को मंजूरी दी गई है।

इनमें शामिल हैं:

  • अराजपत्रित सूबेदार (अ) शीघ्र लेखक के 135 पद
  • सहायक उपनिरीक्षक (अ) के 520 पद
  • सूबेदार के 81 पद
  • उपनिरीक्षक जिला पुलिस बल के 312 पद
  • उपनिरीक्षक विसबल के 69 पद
  • उपनिरीक्षक क्यूडी के 4 पद
  • उपनिरीक्षक अंगुल चिन्ह के 22 पद
  • उपनिरीक्षक आयुध के 10 पद
  • उपनिरीक्षक फोटो के 9 पद

इन सभी को मिलाकर 507 पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा आरक्षक जीडी के 7,500 पद तथा आरक्षक चालक के 1,000 पदों को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

18 हजार पदों पर होगी भर्ती

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में कुल 18 हजार पदों को भरने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में 9,662 पदों की स्वीकृति जारी हो चुकी है, जबकि शेष पदों के आदेश भी जल्द जारी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने के लक्ष्य के साथ सरकार लगातार काम कर रही है। नक्सलवाद समाप्त होने के बाद विकास कार्यों में भी पुलिस बल की सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।


इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का लोकार्पण

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का लोकार्पण किया। लवकुश चौराहा पर करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस ब्रिज को मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे यात्रा समय में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इस फ्लाईओवर की विशेषता इसकी त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था है। प्रथम स्तर पर सामान्य यातायात, द्वितीय स्तर पर वर्तमान फ्लाईओवर एवं मेट्रो रेल कॉरिडोर तथा तृतीय स्तर पर नया डबल लेयर फ्लाईओवर बनाया गया है।

लगभग 1450 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर में 22 मीटर ऊंचाई पर 65 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े स्पान पर दो 400-400 टन वजनी स्टील बो-स्ट्रिंग गर्डर लगाए गए हैं।

ब्रिज का निर्माण इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है। पहली भुजा शुरू होने से अरविंदो से बाणगंगा की ओर जाने वाला यातायात प्रारंभ हो गया है।


समान नागरिक संहिता को मिला व्यापक जनसमर्थन

विभिन्न धर्मों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जताया आभार

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में समर्थन देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर आगमन पर विभिन्न धर्मों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया और यूसीसी के निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान न्याय उपलब्ध कराना है। यह संविधान की मूल भावना के अनुरूप सामाजिक समरसता, समानता और न्याय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के हितों की रक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय मजदूर संघ स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी श्रमिक भाई-बहनों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि श्रम, कौशल और समर्पण से नए भारत के निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।


मथुरा-वृंदावन तीर्थ के लिए जबलपुर से 25 जुलाई को रवाना होगी विशेष ट्रेन

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मथुरा-वृंदावन तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन 25 जुलाई को जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोपहर 2 बजे जबलपुर स्टेशन आएगी और 2:10 बजे गंतव्य के लिए रवाना होगी।

चयनित यात्रियों को टिकट प्राप्त करने के लिए 24 जुलाई तक उसी कार्यालय से संपर्क करना होगा, जहां उन्होंने आवेदन जमा किया था। यात्रियों को अपने साथ मूल आधार कार्ड रखना अनिवार्य होगा।


महिला आयोग की संयुक्त बेंच 4 और 5 अगस्त को जबलपुर में करेगी मामलों की सुनवाई

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा जबलपुर में 4 और 5 अगस्त को संयुक्त बेंच आयोजित की जाएगी। सुनवाई सर्किट हाउस नंबर-2 में होगी।

इसमें आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा यादव, सदस्य श्रीमती साधना स्थापक और सदस्य सचिव श्री सुरेश तोमर उपस्थित रहेंगे।

दोनों दिन सुबह 11 बजे से मामलों की सुनवाई की जाएगी।


पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

जिले के नीमखेड़ा स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

पात्र पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय की छात्राएं आवेदन कर सकती हैं।

आवेदन के लिए जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण, अंकसूची और पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा।

छात्राएं अधिक जानकारी के लिए नीमखेड़ा स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास अथवा कलेक्टर कार्यालय स्थित पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संपर्क कर सकती हैं।

Leave a Reply