Thursday, July 23

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को जन्मजयंती पर किया नमन

चंद्रशेखर उद्यान से निकाली गई आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा, आजाद कुटिया पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचकर उनकी जन्मजयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का त्याग, अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्श नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, आत्मसम्मान और देशभक्ति का मार्ग दिखाते रहेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने चंद्रशेखर उद्यान से आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मशाल यात्रा आजाद कुटिया (आजाद स्मृति मंदिर) पहुंची, जहां मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

चंद्रशेखर आजाद का जीवन राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आजाद स्मृति मंदिर में प्रदर्शित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन वृत्तांत का अवलोकन किया। उन्होंने उनके जन्म, बाल्यकाल, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और राष्ट्र के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का पूरा जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण है। उनके आदर्श सदैव देशवासियों, विशेषकर युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने ‘आजाद कथा’ का भी अवलोकन किया, जिसमें चंद्रशेखर आजाद के क्रांतिकारी जीवन, काकोरी कांड, सांडर्स वध, हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी में उनके नेतृत्व और मातृभूमि के लिए दिए गए बलिदान की गौरवगाथा प्रदर्शित की गई थी।

उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद अमर रहें के उद्घोषों के साथ लोगों ने मशाल यात्रा में सहभागिता की।

इस अवसर पर मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्रीमती अनीता चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने तिलवारा के नवनिर्मित थाना भवन का किया निरीक्षण

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने गुरुवार को तिलवारा स्थित नवनिर्मित थाना भवन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्यों, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को भवन की गुणवत्ता बनाए रखने, आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और शेष कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना परिसर में नागरिकों को बेहतर, सुगम और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।


आईएफएमएस से देयकों के आहरण और लॉगिन पासवर्ड सुरक्षा पर दिया गया प्रशिक्षण

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

जिला कोषालय द्वारा आईएफएमएस सिस्टम से देयकों के आहरण की प्रक्रिया और लॉगिन पासवर्ड की सुरक्षा को लेकर जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान के आदि शंकराचार्य ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ।

इस दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी साकेत जैन, अतिरिक्त कोषालय अधिकारी नवीन बारेकर और सिस्टम मैनेजर राजेश कुमार गुप्ता ने अधिकारियों को आईएफएमएस सिस्टम पर देयकों से संबंधित सही लेखा शीर्ष का चयन, स्वीकृति आदेश में भुगतान संबंधी जानकारी और कोषालय संहिता-2020 के नियमों की जानकारी दी।

इसके साथ ही जीपीएफ एवं डीपीएफ के ऑनलाइन अंतिम भुगतान, अवकाश नियम-2025 और जीआईएस की पेंशन पोर्टल पर गणना से संबंधित विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कोषालय के सभी सहायक कोषालय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।


“सेवा, सुशासन के 12 साल” और “कारगिल विजय गाथा” पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी 25 जुलाई से

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (सद्वार्ता)

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा जिला प्रशासन और शासकीय महाकोशल महाविद्यालय के सहयोग से “सेवा, सुशासन के 12 साल” एवं “कारगिल विजय गाथा” विषय पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

यह प्रदर्शनी 25 से 27 जुलाई तक प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय जबलपुर में आयोजित होगी।

प्रदर्शनी का शुभारंभ 25 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा। इस दौरान फोटो प्रदर्शनी के साथ गीत-नाटक दल द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएंगी।

आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सुशासन, समावेशी विकास और विकसित भारत-2047 की दिशा में किए गए कार्यों को प्रदर्शित करना है।

साथ ही वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 557 वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करना भी प्रदर्शनी का उद्देश्य है।

प्रदर्शनी 25 से 27 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आम नागरिकों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।


कृषि अधिकारियों ने किया फसल प्रदर्शन एवं प्राकृतिक खेती का निरीक्षण

जबलपुर, 23 जुलाई 2026 (SDNA)

जिले में उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि अधिकारियों के दल ने कुंडम विकासखंड के किसानों के खेतों का निरीक्षण किया।

कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर कृषि अधिकारियों ने ग्राम लखनवारा में कृषक जय हिंद के कोदो प्रदर्शन और ग्राम टिकरिया में कृषक मनोज कुमार साहू के अरहर प्रदर्शन प्लॉट का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने फसलों की वृद्धि, प्रबंधन और उत्पादन तकनीकों का अवलोकन करते हुए किसानों को समय पर फसल प्रबंधन, कीट नियंत्रण और रोग नियंत्रण के संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।

प्राकृतिक खेती से बढ़ेगी भूमि की उर्वरता

कृषि अधिकारियों ने बीआरसी सेंटर कुरगवां एवं बरखेड़ा का निरीक्षण कर जीवामृत, बीजामृत, दशपर्णी अर्क और नीमास्त्र जैसे जैविक कृषि आदानों के निर्माण कार्य का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक एवं जैविक आदानों के उपयोग से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग में कमी आएगी। इससे भूमि की उर्वरता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों ने किसानों से वैज्ञानिक और प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया।

निरीक्षण दल में उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास यू.के. कटहरे, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती प्रतिभा गौर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एल.पी. उइके, कृषि विस्तार अधिकारी डॉ. सुनी ठाकुर, सुश्री प्रांजली वर्मा एवं दीपांशु सोनी शामिल रहे।

Leave a Reply