
दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान जारी

इंदौर, 23 जुलाई 2026। (सद्वार्ता)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशव्यापी विशेष निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है।

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर द्वारा राऊ क्षेत्र में विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने एकत्रित किए। साथ ही मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (Food Safety on Wheels) के माध्यम से मौके पर खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच एवं आमजन को जागरूक करने का कार्य भी किया गया।
बिना खाद्य पंजीयन संचालित डेयरी पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान पाटीदार दूध डेयरी, रंगवासा रोड, इंदौर में वैध खाद्य पंजीयन उपलब्ध नहीं पाया गया। यह खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
मौके पर उपस्थित विक्रेता श्री सुरेश पाटीदार के समक्ष मिश्रित दूध एवं पनीर के कुल दो नमूने जांच के लिए लिए गए। बिना खाद्य पंजीयन खाद्य कारोबार संचालित करने के मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवंतिका दूध डेयरी स्वीट्स एंड नमकीन का निरीक्षण
महाशक्ति नगर स्थित अवंतिका दूध डेयरी स्वीट्स एंड नमकीन का भी निरीक्षण किया गया। यहां दही, पनीर, घी, मिठाई एवं नमकीन का निर्माण और विक्रय किया जाना पाया गया।
प्रतिष्ठान से दूध, घी एवं पनीर के कुल तीन नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
सतगुरु मिल्क प्वाइंट से लिए गए नमूने
स्टेशन चौक, राऊ स्थित सतगुरु मिल्क प्वाइंट का निरीक्षण कर प्रोपराइटर श्री विकास चौधरी की उपस्थिति में गाय के दूध, पनीर एवं दही के कुल तीन नमूने जांच हेतु लिए गए।
मोबाइल लैब से जांच और जागरूकता अभियान
अभियान के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग की गई। खाद्य कारोबारियों एवं नागरिकों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, कोल्ड चेन बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में जानकारी दी गई।
03 डेयरी प्रतिष्ठानों से लिए गए 08 नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि अभियान के दौरान तीन डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल आठ खाद्य नमूने संग्रहित किए गए हैं। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा अन्य अनियमितता की जानकारी कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, FoSCoS पोर्टल अथवा अन्य माध्यमों से दें, ताकि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।


