Sunday, May 24

This slideshow requires JavaScript.

कलेक्टर और एसपी ने नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

This slideshow requires JavaScript.

जबलपुर, 03 नवम्बर 2025

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित 468वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने सोमवार को सरस्वती घाट और लम्हेटाघाट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, नाव संचालन और स्वास्थ्य सुविधाओं की संपूर्ण तैयारी समय रहते सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आयोजन बड़ी संख्या में नर्मदा भक्तों की उपस्थिति में संपन्न होता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि हरे कृष्णा आश्रम, भेड़ाघाट से पंचकोशी यात्रा का शुभारंभ 5 नवंबर को प्रातः 5:00 बजे किया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को लम्हेटाघाट से ग्राम लम्हेटी तक दोपहर 1:30 बजे तक नावों से पार कराया जाएगा, जबकि ग्राम ग्वारी से सरस्वती घाट तक की वापसी सूर्यास्त से पूर्व सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर श्री सिंह ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रत्येक श्रद्धालु के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया जाए और घाटों पर पर्याप्त नावों, बचावकर्मियों व सुरक्षा बलों की तैनाती की जाए।

पुलिस अधीक्षक श्री उपाध्याय ने कहा कि परिक्रमा स्थल पर यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर परिक्रमा कर सकें।

यह सुनिश्चित किया गया कि नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो।

Leave a Reply