
मुंबई: रियलिटी शो ‘द 50’ के ताजा एपिसोड में टीवी स्टार अरबाज पटेल ने अपनी तीन साल बड़ी गर्लफ्रेंड निक्की तंबोली को नेशनल टेलीविजन पर शादी के लिए प्रपोज किया। इस रोमांटिक और भावनाओं से भरे पल को देखकर निक्की की आंखों में आंसू आ गए और वह पूरी तरह भावुक हो उठीं।
अरबाज का इजहार:
अरबाज ने स्टेज पर घुटनों के बल बैठकर निक्की के सामने अपने प्यार का इजहार किया। उन्होंने कहा, “मेरी धड़कनें इस समय बहुत तेज चल रही हैं। वह हमेशा मुझसे कहती थी कि हमने कभी एक-दूसरे को आधिकारिक तौर पर शादी का प्रपोजल नहीं दिया। मैंने तय किया कि जिस मंच ने हमें मिलाया और मुझे इतनी खूबसूरत साथी दी, वही वह जगह है जहां मैं अपनी भावनाएं व्यक्त करूंगा।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं पहले बहुत गुस्सैल था, लेकिन जब मैं उसे देखता हूं तो शांत हो जाता हूं। मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं।”
निक्की के पिता नहीं मान रहे रिश्ता:
निक्की ने इस मौके पर कहा कि वह इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रही थीं, लेकिन उन्हें डर भी है क्योंकि वे अलग-अलग धर्मों से हैं। उन्होंने बताया, “मेरे पिता इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। मैंने उनकी बात नहीं मानी क्योंकि मेरी मां ने मुझे सिखाया है कि किसी के लिए भी अपने प्यार की कुर्बानी नहीं देनी चाहिए। मुझे उम्मीद है कि मेरे पिता इसे समझेंगे।”
घरवालों का सपोर्ट और भावनात्मक माहौल:
शो के सभी कंटेस्टेंट्स ने निक्की और अरबाज का हौसला बढ़ाया। नेहा चुडासमा और आरुषि चावला समेत कई कंटेस्टेंट्स की आंखों में आंसू आ गए।
निक्की और अरबाज की कहानी:
निक्की तंबोली और अरबाज पटेल की पहली मुलाकात बिग बॉस मराठी 5 में हुई थी। तीन साल के अंतर के बावजूद अरबाज के शांत और सौम्य स्वभाव ने निक्की का दिल जीत लिया। दोनों ने अक्टूबर 2024 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया।
