
मुंबई/नवी मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंधों में उपजे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक पुलिस कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड को दोस्त द्वारा डेट किए जाने से नाराज होकर अपने ही दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए उसे करीब 190 किलोमीटर दूर सतारा जिले ले जाकर जलाया और फिर एक खेत के कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कलंबोली में गला घोंटकर की हत्या
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी की पहचान बंडू भिसे के रूप में हुई है, जो रबाले एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में तैनात है। आरोपी कांस्टेबल ने अपने तीन साथियों की मदद से नवी मुंबई के कलंबोली क्षेत्र में अपने दोस्त की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
इसके बाद चारों आरोपी मृतक के शव को कार में लेकर सतारा जिले के एक गांव पहुंचे और वहां शव को आग के हवाले कर दिया। सबूत मिटाने के लिए उन्होंने अधजली लाश को एक खेत के कुएं में फेंक दिया।
शादीशुदा महिला से था रिश्ता
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कांस्टेबल बंडू भिसे शादीशुदा है, लेकिन उसका संबंध एक शादीशुदा महिला से था, जो अपने पति से अलग रह रही थी। इसी महिला को बाद में आरोपी का दोस्त भी डेट करने लगा, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया।
खेत मालिक ने देखी अधजली बॉडी, हुआ खुलासा
सतारा जिले के सुखेड़ गांव में एक खेत मालिक ने 6 फरवरी को कुएं के पास अधजली लाश देखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव का पैर रस्सी से बंधा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। लोकल क्राइम ब्रांच और लोनांद पुलिस स्टेशन की टीमों ने पुणे तक के रास्ते में करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पुलिस ने करीब 15 वाहनों के मालिकों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस का ध्यान एक कार पर गया, जो 6 फरवरी की सुबह मुंबई लौटते समय पुणे जिले के खेड़-शिवपुर टोल प्लाजा पर कैमरे में कैद हुई थी। यह कार पुणे आरटीओ में रजिस्टर्ड थी।
कांस्टेबल ने कबूला जुर्म
पुलिस ने 9 फरवरी को कार मालिक बंडू भिसे को कलंबोली से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले गोलमोल जवाब दिए, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने और उसके साथियों ने मृतक को विवाद सुलझाने के लिए मीटिंग में बुलाया था। लेकिन जैसे ही मृतक वहां पहुंचा, चारों ने कार के अंदर रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
मृतक कैब ड्राइवर था
मृतक की पहचान बोबाडे के रूप में हुई है। वह अविवाहित था और कैब ड्राइवर का काम करता था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी के दो साथियों को पुणे से और तीसरे आरोपी को सतारा के फलटण से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर कड़ी की जांच की जा रही है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
