Wednesday, February 11

हापुड़ में प्रेमी की हैवानियत: शादी का झांसा देकर सालभर किया यौन शोषण, गर्भवती युवती को बेरहमी से पीटा

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से प्रेम संबंधों की आड़ में शोषण और हिंसा का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर एक युवक ने करीब एक वर्ष तक युवती का शारीरिक शोषण किया और जब वह चार माह की गर्भवती हो गई तो उसे सबूत मिटाने के लिए धोखे से बुलाकर बेरहमी से पीट दिया। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

This slideshow requires JavaScript.

पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक ने उसे मोबाइल में मौजूद फोटो और वीडियो दिखाने का बहाना बनाकर अपनी दुकान पर बुलाया। वहां पहुंचते ही युवक ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की, ताकि उसमें मौजूद सबूत डिलीट किए जा सकें। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे लहूलुहान कर दिया।

बताया गया कि आरोपी युवक लंबे समय से युवती पर दबाव बनाकर उसके साथ संबंध बनाए रखने को मजबूर कर रहा था। पीड़िता का यह भी आरोप है कि युवक ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना रखे थे, जिनके जरिए वह उसे लगातार धमकाता और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।

पीड़िता ने बताया कि पहले उसकी शादी किसी अन्य व्यक्ति से तय थी, लेकिन आरोपी ने उसकी छवि खराब कर वह रिश्ता तुड़वा दिया। इसके बाद शादी का वादा कर उसने युवती के साथ लगातार संबंध बनाए और गर्भवती होने के बाद भी उसे धमकाकर चुप रहने के लिए मजबूर करता रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि मारपीट और लूट की सूचना प्राप्त हुई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। युवती की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना की पुष्टि की जा सके और आरोपी की भूमिका स्पष्ट हो सके।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply