
90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री रवीना टंडन का बांद्रा स्थित घर नीलया होम डेकोर का एक शानदार मास्टरपीस है। 70 करोड़ की कीमत वाला यह आशियाना मोरक्को की बारीक नक्काशी और यूरोपीय क्लासिक डिजाइन का बेहतरीन मिश्रण प्रस्तुत करता है। घर की लाल ईंटों वाली दीवारें, मार्बल फ्लोरिंग और प्रत्येक कोने में सजी कला-कृतियाँ इसे शाही और मॉर्डन दोनों अंदाज में प्रस्तुत करती हैं।
लिविंग रूम में क्लासिक और मॉर्डन टच
रवीना टंडन के घर का लिविंग एरिया स्पेशियस और खूबसूरती में भरपूर है। शानदार मार्बल फ्लोरिंग, आरामदायक काले और ग्रे सोफे, चमकदार ब्लैक सेंटर टेबल और ऑलिव ग्रीन कालीन इसे और आकर्षक बनाते हैं। बड़े कांच की खिड़कियां और सुनहरे लैंप की रोशनी पूरे कमरे में चार चांद लगा देती हैं।
पैनल वाली दीवारों और झूमर का रॉयल टच
घर के पैनल वाली दीवारें क्लासिक एलिगेंस और रॉयल वाइब देती हैं। गहरे रंग की पैनल वाली दीवारों के साथ सुनहरा झूमर कमरे को न केवल रोशन करता है, बल्कि इंटीरियर की भव्यता को भी बढ़ाता है। वहीं, नक्काशीदार लकड़ी की कुर्सियां विंटेज और मॉर्डन डिजाइन का बेहतरीन संतुलन बनाती हैं।
होम मिनी बार और आर्टिस्टिक कॉर्नर
रवीना के घर में होम मिनी बार एरिया है, जिसमें गहरे भूरे लकड़ी का बेहतरीन इस्तेमाल किया गया है। मिरर वॉल जगह को बड़ा दिखाती है और रोशनी को रिफ्लेक्ट कर चमक बढ़ाती है। एनिमल प्रिंट वाली हाई-बैक कुर्सियां और मेटल के सजावटी सामान घर के हर कोने में उनकी बोल्ड और आर्टिस्टिक पसंद को बखूबी दिखाते हैं।
रस्टिक चार्म और पर्सनल टच
दीवारों पर ईंटों जैसा टेक्सचर और फैमिली फोटोज घर में गर्माहट और होमली अहसास देते हैं। रवीना ने आधुनिक और पारंपरिक आर्ट का शानदार तालमेल बैठाया है। परेश मैती और थोटा वैकुंठम जैसी मशहूर कलाकारों की पेंटिंग्स घर को खास पहचान देती हैं।
पारंपरिक पूजा एरिया
रवीना के घर का पूजा एरिया सादगी और आध्यात्मिकता का संगम है। पारंपरिक पीतल के दीयों और ताजे गेंदे के फूलों का इस्तेमाल इसे दिव्यता प्रदान करता है। पीछे लगे बड़े दर्पण से रोशनी फैलती है और छोटा स्थान भी बड़ा दिखाई देता है।
बालकनी में मिनिमलिस्टिक सुकून
खुली और हवादार बालकनी शहर की भीड़-भाड़ के बीच शांति और ताजगी का अहसास देती है। स्लेटी फर्श और दीवारों के साथ बालकनी में लगा हरा-भरा पेड़ और टंगे मिट्टी के सजावटी बर्तन इसे रस्टिक और नेचुरल लुक देते हैं।
रवीना टंडन का यह आलीशान घर न केवल शाही ठाठ और क्लास को दर्शाता है, बल्कि घर सजाने के लिए भी कई बेहतरीन इंस्पिरेशन आइडियाज देता है।