Sunday, April 26

बिहार में सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील गाने बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई, उल्लंघन करने वालों को जेल तक हो सकती है

बिहार सरकार ने राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में सार्वजनिक वाहनों और स्थानों पर अश्लील या द्विअर्थी गाने बजाने वालों पर नकेल कसने का ऐलान किया है। गृह मंत्री और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निर्देश दिए हैं कि बस, ट्रेन, ऑटो, टैक्सी और अन्य सार्वजनिक स्थानों में इस प्रकार की हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भी भेजा जा सकता है।

This slideshow requires JavaScript.

महिलाओं की सुरक्षा और समाज की नैतिकता के लिए कदम
हाल ही में शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले के बाद सरकार चौकन्नी हो गई है। गृह मंत्री ने कहा कि अश्लीलता का प्रदर्शन महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के लिए खतरा है। ऑटो, टैक्सी या निजी बसों में बजाए जाने वाले अश्लील गीत महिलाओं को शर्मसार करने के साथ-साथ बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं।

विशेष अभियान और निगरानी
सम्राट चौधरी ने सभी पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया है कि वे सार्वजनिक वाहनों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाएं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई करें। दोषियों पर जुर्माना लगाया जा सकता है और आवश्यकता पड़ने पर जेल की सजा भी दी जाएगी।

गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ नैतिकता की बात नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। अब बिहार में सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता करने वालों के लिए कोई राहत नहीं होगी।

Leave a Reply