Wednesday, February 4

पुरानी दिल्ली के कायाकल्प की कमान सीएम रेखा गुप्ता के हाथ, शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की बनीं अध्यक्ष

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक क्षेत्र पुरानी दिल्ली (शाहजहानाबाद) के पुनर्विकास को अब नई दिशा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (SRDC) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (लोकनिवास) की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुरानी दिल्ली के समग्र पुनर्विकास, विरासत संरक्षण और इसे एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।

‘शाहजहानाबाद सिर्फ इलाका नहीं, दिल्ली की पहचान है’

अध्यक्ष पद संभालने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पुरानी दिल्ली यानी वॉल्ड सिटी का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव पुनर्जीवित करना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि शाहजहानाबाद केवल एक इलाका नहीं, बल्कि दिल्ली की समृद्ध विरासत और इतिहास की पहचान है।

बिजली के तार होंगे अंडरग्राउंड, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुरानी दिल्ली की संकरी गलियों में फैले बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा, जिससे सुरक्षा बढ़ेगी और क्षेत्र की सुंदरता में भी सुधार होगा।
इसके अलावा बाजारों में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए एक व्यापक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाएगा। वहीं, मल्टी-लेवल पार्किंग जैसी सुविधाओं पर भी काम किया जाएगा।

चांदनी चौक, जामा मस्जिद समेत कई परियोजनाओं की होगी समीक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआरडीसी द्वारा पूर्व में तैयार की गई कई योजनाओं की दोबारा समीक्षा की जाएगी। इनमें चांदनी चौक पुनर्विकास, जामा मस्जिद क्षेत्र विकास, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, और दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक सड़क सौंदर्यीकरण जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।
सरकार का उद्देश्य इन योजनाओं को पुनर्जीवित कर पुरानी दिल्ली को एक बड़े पर्यटन और विरासत क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।

सड़कों, सीवर और पेयजल व्यवस्था पर होगा फोकस

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले कई वर्षों से पुरानी दिल्ली अपेक्षित विकास और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रही है। अब सरकार सुनिश्चित करेगी कि सड़कों का निर्माण, गलियों की मरम्मत, जर्जर सीवर व्यवस्था में सुधार, तथा पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए ठोस ब्लूप्रिंट तैयार किया जाए।
पुरानी दिल्ली को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाना भी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

2008 में गठित हुई थी एसआरडीसी

शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (SRDC) का गठन 1 मई 2008 को दिल्ली सरकार द्वारा विशेष प्रयोजन संस्था के रूप में किया गया था। इसका उद्देश्य दिल्ली नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, पर्यटन विभाग समेत विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देना है।
इस संस्था का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से पुरानी दिल्ली की चारदीवारी के भीतर का इलाका है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मुख्यमंत्री के अध्यक्ष बनने के बाद एसआरडीसी को नई सक्रियता मिलेगी और पुरानी दिल्ली के विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

Leave a Reply