Monday, January 26

क्रिकेट जगत में शोक: पूर्व BCCI अध्यक्ष आई.एस. बिंद्रा का निधन

 

This slideshow requires JavaScript.

 

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष और प्रशासनिक दिग्गज आई.एस. बिंद्रा का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बिंद्रा का निधन उनके दिल्ली स्थित आवास पर हुआ। बताया जा रहा है कि दोपहर में भोजन के बाद उनकी तबियत बिगड़ी और शाम लगभग 6:30 बजे उनका निधन हो गया।

 

आई.एस. बिंद्रा 1993 से 1996 तक BCCI के 23वें अध्यक्ष रहे। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर लोधी श्मशान घाट में संपन्न होगा।

 

आई.एस. बिंद्रा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पूर्व अधिकारी भी रहे और 1975 से क्रिकेट प्रशासन से जुड़े हुए थे। उन्होंने लगभग तीन दशकों तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) की अध्यक्षता की। 1980 के दशक में वे भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के विशेष सचिव भी रहे। 1978 से 2014 तक PCA के अध्यक्ष और 2015 में चेयरमैन चुने गए बिंद्रा ने भारतीय क्रिकेट में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

 

आई.एस. बिंद्रा का भारत में 1987 और 1996 में क्रिकेट वर्ल्ड कप आयोजित कराने में अहम योगदान रहा। उन्होंने भारत को होस्टिंग अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान को याद करते हुए मौजूदा ICC चेयरमैन और पूर्व BCCI सचिव जय शाह ने ट्वीट कर कहा,

“भारतीय क्रिकेट प्रशासन के दिग्गज और पूर्व BCCI अध्यक्ष श्री आई.एस. बिंद्रा के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। ओम शांति।”

 

सम्मान स्वरूप, 2015 में मोहाली के PCA स्टेडियम का नाम बदलकर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम रखा गया था।

 

आई.एस. बिंद्रा का योगदान भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।

 

Leave a Reply